फरवरी 2023 में हीरो मोटोकॉर्प की स्प्लेंडर 2,88,605 यूनिट की बिक्री के साथ शीर्ष पर रही है, जो फरवरी 2022 में बेचीं गई 1,93,731 यूनिट की तुलना में सालाना आधार पर 48.97 फीसदी की वृद्धि है
भारत में फरवरी 2023 में बेचे गए टॉप 10 दोपहिया वाहनों की सूची आ गई है और इनकी बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। दरअसल पिछले महीने भारत में टॉप 10 में शामिल रहे वाहनों की बिक्री में 18 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है, क्योंकि फरवरी 2023 में भारत में 8,29,810 यूनिट की बिक्री हुई है, जो कि फरवरी 2022 में बेचीं गई 7,03,228 यूनिट के मुकाबले 1,26,582 यूनिट ज्यादा है।
हीरो मोटोकॉर्प की स्प्लेंडर एक बार फिर से फरवरी 2023 में 2,88,605 यूनिट की बिक्री के साथ शीर्ष पर रही है, जो कि फरवरी 2022 में बेचीं गई 1,93,731 यूनिट की तुलना में सालाना आधार पर 48.97 प्रतिशत की वृद्धि है। हाल ही में हीरो स्प्लेंडर के मुकाबले होंडा ने शाइन 100 सीसी मोटरसाइकिल को लॉन्च किया है और माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में मार्केट में ज्यादा कॉम्पिटिशन देखने को मिलेगा।
पिछले महीने दूसरे नंबर पर होंडा एक्टिवा रही, जिसकी फरवरी 2022 में बेची गई 1,45,317 यूनिट की तुलना में फरवरी 2023 में बिक्री 20.08 प्रतिशत बढ़कर 1,74,503 यूनिट रही है। होंडा भारत में एक नया इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च करने की योजना बना रही है जो एक्टिवा स्कूटर का इलेक्ट्रिक वेरिएंट हो सकता है। वहीं बजाज पल्सर की बिक्री में भी सालाना आधार पर 45.78 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
टॉप 10 दोपहिया वाहन | फरवरी 2023 | फरवरी 2022 |
1. हीरो स्प्लेंडर (48.9%) | 2,88,605 | 1,93,731 |
2. होंडा एक्टिवा (20%) | 1,74,503 | 1,45,317 |
3. बजाज पल्सर (45.7%) | 80,106 | 54,951 |
4. हीरो HF डीलक्स (-25.8%) | 56,290 | 75,927 |
5. टीवीएस जुपिटर (14.4%) | 53,891 | 47,092 |
6. सुजुकी एक्सेस (7.1%) | 40,194 | 37,512 |
7. होंडा शाइन (-56.4%) | 35,594 | 81,700 |
8. टीवीएस XL100 (-1.4%) | 35,346 | 35,848 |
9. टीवीएस अपाचे (112.9%) | 34,935 | 16,406 |
10. टीवीएस रेडर (105.8%) | 30,346 | 14,744 |
दरअसल फरवरी 2022 में पल्सर रेंज की बिक्री 54,951 यूनिट थी, जो कि फरवरी 2023 में बढ़कर 80,106 यूनिट रही है। पल्सर 220F को फिर से लॉन्च करने के बाद कंपनी ने अपनी पल्सर एनएस रेंज को नए फीचर्स के साथ अपडेट किया है। वहीं हीरो एचएफ डीलक्स की फरवरी 2022 में 75,927 यूनिट बेची गई थी, जो कि फरवरी 2023 में 25.86 प्रतिशत घटकर केवल 56,290 यूनिट रही है।
इसी प्रकार फरवरी 2023 में टीवीएस जुपिटर की बिक्री 14.44 प्रतिशत बढ़कर 53,891 यूनिट की रही है, जबकि फरवरी 2022 में यह आंकड़ा 47,092 यूनिट का था। दोपहिया वाहनों की बिक्री में होंडा सीबी शाइन 56.43 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ सांतवे स्थान पर रही है। दरअसल फरवरी 2023 में इसकी बिक्री 35,594 यूनिट रही है, वहीं फरवरी 2022 में इसकी 81,700 यूनिट की बिक्री हुई थी।
इसी प्रकार टीवीएस XL100 मोपेड की बिक्री भी फरवरी 2023 में 1.40 प्रतिशत घटकर 35,346 यूनिट की रही है, जबकि फरवरी 2022 में यह आंकड़ा 35,848 यूनिट का था। वहीं नौवें व दसवें स्थान पर टीवीएस का कब्ज़ा रहा हैं, जिसमें क्रमशः अपाचे व रेडर शामिल रही है। अपाचे की फरवरी 2023 में बिक्री 112.94 प्रतिशत बढ़कर 34,935 यूनिट रही है, जबकि फरवरी 2022 में यह आंकड़ा 16,406 यूनिट का था। वहीं रेडर की 105 फीसदी की वृद्धि के साथ 30,346 यूनिट बेचीं गई है, जो फरवरी 2022 में केवल 15,602 यूनिट थी।