मार्च 2022 में टाटा नेक्सन 14,315 यूनिट के साथ सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी रही है, जो मार्च 2021 के 8,683 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 65 फीसदी की वृद्धि है
टाटा नेक्सन पिछले टॉप 10 एसयूवी की सूची में शीर्ष पायदान पर रही है और कंपनी ने इसकी कुल मिलाकर 14,315 यूनिट की बिक्री की है। इस बिक्री के साथ यह देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी बनकर उभरी है। इसके मुकाबले नेक्सन की मार्च 2021 में कुल 8,683 यूनिट की बिक्री हुई थी, जो सालाना आधार पर 65 प्रतिशत की भारी वृद्धि है।
इस बिक्री के साथ नेक्सन टाटा मोटर्स की भी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही है और हाल ही में कंपनी ने इसके काजीरंगा एडिशन को भी लॉन्च किया था। वहीं मार्च 2022 में मारुति सुजुकी विटारा ब्रेज़ा 12,439 यूनिट की बिक्री के साथ देश में दूसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी रही है, जो मार्च 2021 में बेची गई 11,274 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 10 प्रतिशत की वृद्धि है।
वहीं हुंडई क्रेटा पिछले महीने भारत में 10,532 यूनिट की बिक्री के साथ तीसरे स्थान पर रही है, जो मार्च 2021 में बेची गई 12,640 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 17 प्रतिशत की गिरावट है। हाल ही में कंपनी ने क्रेता के नाइट एडिशन को लॉन्च किया है। वहीं पिछले साल फेस्टिव सीजन में लॉन्च हुई टाटा पंच भी टॉप 10 की सूची में अपना स्थान बनाने में कामयाब रही है और टाटा मोटर्स ने इसकी 10,526 यूनिट की बिक्री की है।
| टॉप 10 एसयूवी | मार्च 2022 | मार्च 2021 |
| 1. टाटा नेक्सन (65%) | 14,315 | 8,683 |
| 2. मारुति विटारा ब्रेज़ा (10%) | 12,439 | 11,274 |
| 3. हुंडई क्रेटा (-17%) | 10,532 | 12,640 |
| 4. टाटा पंच | 10,526 | – |
| 5. हुंडई वेन्यू (-14%) | 9,220 | 10,722 |
| 6. किआ सेल्टोस (-20%) | 8,415 | 10,557 |
| 7. किआ सोनेट (-19%) | 6,871 | 8,498 |
| 8. महिंद्रा स्कॉर्पियो (160%) | 6,061 | 2,331 |
| 9. महिंद्रा XUV700 | 6,040 | – |
| 10. महिंद्रा एक्सयूवी300 (60%) | 4,140 | 4,140 |
वहीं हुंडई वेन्यू की मार्च 2022 में कुल मिलाकर 9,220 यूनिट की बिक्री हुई है, जो मार्च 2021 में बेची गई 10,722 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 14 प्रतिशत की गिरावट है। किआ इंडिया ने पिछले महीने सेल्टोस की 10,557 यूनिट की बिक्री की है, जो मार्च 2022 में बेची गई 8,415 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 20 फीसदी की गिरावट है।
मार्च 2022 में किआ सोनेट कॉम्पैक्ट एसयूवी की 6,871 यूनिट की बिक्री हुई है, जो मार्च 2021 में बेची गई 8,498 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 19 प्रतिशत की गिरावट है, जबकि महिंद्रा ने पिछले महीनें स्कॉर्पियो की 6,061 यूनिट की बिक्री की है, जो मार्च 2021 में बेची गई 2,331 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 160 प्रतिशत की भारी वृद्धि है।
इसी तरह मार्च 2022 में महिंद्रा की नई एक्सयूवी700 को भी बाजार में अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और कंपनी ने इसकी कुल मिलाकर 6,040 यूनिट की बिक्री की है। वहीं महिंद्रा एक्सयूवी300 को सूची में अंतिम स्थान मिला है और पिछले महीने इसकी 4,140 यूनिट की बिक्री हुई है, जो मार्च 2021 में बेची गई 2,587 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 60 फीसदी की वृद्धि है।