जून 2021 में मारूति विटारा ब्रेज़ा 12,833 यूनिट के साथ देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी बनकर उभरी है, जो कि जून 2020 के 4,542 यूनिट के मुकाबले 182 फीसदी की वृद्धि है
भारत में एसयूवी की लोकप्रियता दिनों दिन बढ़ती ही जा रही है, जिसका अंदाजा इनकी बिक्री से लगाया जा सकता है। जून 2021 कार निर्माताओं के लिए काफी उत्साहजनक रहा और बिक्री में सालाना और मासिक आधार पर वृद्धि देखी गयी है। जून 2021 में मारूति सुजुकी विटारा ब्रेजा देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी बनकर उभरी है। मारूति सुजुकी ने जून में इस एसयूवी की 12,833 यूनिट की बिक्री की है, जो कि पिछले साल के इसी महीने में 4,542 यूनिट थी। इस तरह ब्रेज़ा ने अपनी बिक्री में सालाना आधार पर 182.5 फीसदी की वृद्धि देखी है।
जून 2021 में सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी की सूची में हुंडई क्रेटा को दूसरा स्थान मिला है, जिसकी 9,941 यूनिट बेची गई है। इसकी तुलना में पिछले साल की इसी अवधि में क्रेटा की 7,207 यूनिट बेचीं गई थी, जो कि सालाना आधार पर 37.9 फीसदी की वृद्धि है। हुंडई ने हाल ही में क्रेटा पर आधारित तीन पंक्ति वाली एसयूवी अलकाज़ार को लॉन्च किया है। इसलिए आने वाले महीने में क्रेटा की इस जोड़ी की बिक्री में और भी इजाफा होने की उम्मीद है।
क्रेटा की सिबलिंग किआ सेल्टोस की जून 2021 में 8,549 यूनिट बेचीं गई है, जो कि लिस्ट में तीसरे स्थान पर रही। इसके मुकाबले जून 2020 में सेल्टोस की 7,114 यूनिट बेची गई थी, जो कि सालाना आधार पर 20 फीसदी की वृद्धि है। किआ इंडिया भारत में इस एसयूवी पर आधारित एक नई एमपीवी को अगले साल लॉन्च कर सकती है। वहीं टाटा नेक्सन को 8,033 यूनिट के साथ चौथा स्थान मिला, जबकि पिछले साल इसी अवधि में इसकी 3,040 यूनिट की बिक्री हुई थी, जो कि सालाना आधार पर 164 फीसदी की वृद्धि है।

| टॉप 10 एसयूवी | जून 2021 की बिक्री | जून 2020 की बिक्री |
| 1. मारुति विटारा ब्रेज़ा (182.5%) | 12,833 | 4,542 |
| 2. हुंडई क्रेटा (37.9%) | 9,941 | 7,207 |
| 3. किआ सेल्टोस (20%) | 8,549 | 7,114 |
| 4. टाटा नेक्सॉन (164%) | 8,033 | 3,040 |
| 5. किआ सोनेट | 5,963 | – |
| 6. हुंडई वेन्यू (17.8%) | 4,865 | 4,129 |
| 7. महिंद्रा एक्सयूवी300 (154.6%) | 4,615 | 1,812 |
| 8. महिंद्रा स्कार्पियो (61.6%) | 4,160 | 2,574 |
| 9. फोर्ड इकोस्पोर्ट (189.6) | 3,511 | 1,212 |
| 10. निसान मैग्नाइट | 3,252 | – |
वहीं किआ सोनेट की जून 2021 में 5,963 यूनिट बेची गई हैं, चूंकि सोनेट बाजार में अपेक्षाकृत एक नया प्रोडक्ट है और पिछले साल इस दौरान बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं थी। इसलिए पिछले साल के इसके आंकड़े उपलब्ध नहीं है। सोनेट की सिबलिंग हुंडई वेन्यू की जून में 17.8 फीसदी की वृद्धि के साथ 4,865 यूनिट बेचीं गई हैं, जो कि पिछले साल की इसी अवधि में 4,129 यूनिट थी।
महिंद्रा एक्सयूवी300 ने जून 2021 में अपनी बिक्री में सालाना आधार पर 154.6 फीसदी की वृद्धि देखी है और इसकी 4,615 यूनिट की बिक्री हुई। इसके मुकाबले पिछले साल जून में इसकी 1,812 यूनिट बेची गई थी। इसी तरह महिंद्रा स्कॉर्पियो की 61.6 फीसदी की वृद्धि के साथ 4,160 यूनिट बेचीं गई है, जबकि पिछले साल इसकी 2,574 यूनिट की बिक्री हुई थी। महिंद्रा अगले साल भारत में स्कॉर्पियो के नए जेनरेशन को लॉन्च करेगी।
सूची में नौवां स्थान फोर्ड इकोस्पोर्ट को 3,511 यूनिट के साथ मिला है, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह आंकड़ा 1,212 यूनिट का था, जो कि सालाना आधार पर 189.6 फीसदी की वृद्धि है। जून 2021 में निसान मैग्नाइट 3,252 यूनिट के साथ दसवें स्थान पर रही। चूंकि सोनेट की तरह मैग्नाइट भी एक नया प्रोडक्ट है। इसलिए इसके पिछले साल की बिक्री के आकड़े उपलब्ध नहीं हैं।