दिसंबर 2022 की बिक्री में टॉप 10 एसयूवी – नेक्सन, ब्रेज़ा, पंच, वेन्यू, विटारा, स्कार्पियो

टाटा नेक्सन की दिसंबर 2022 में 12,053 यूनिट की बिक्री हुई है, जो  दिसंबर 2021 में बेचीं गई 12,899 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर  7 प्रतिशत की गिरावट है

दिसंबर 2022 के महीने में टाटा मोटर्स की नेक्सन टॉप 10 एसयूवी चार्ट में टॉप पर रही है और कंपनी ने पिछले महीनें नेक्सन की 12,053 यूनिट की बिक्री की है। वहीं दिसंबर 2021 में नेक्सन की 12,899 यूनिट की बिक्री हुई थी, जो सालाना आधार पर 7 फीसदी की गिरावट है। कॉम्पैक्ट एसयूवी 2022 में भी देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी रही है। वहीं मारुति सुजुकी की नई पीढ़ी की ब्रेजा दूसरे स्थान पर रही है।

कंपनी ने पिछले महीनें ब्रेज़ा एसयूवी की 11,200 यूनिट की बिक्री की है, जबकि 2021 में इसी अवधि के दौरान इसकी 9,531 यूनिट की बिक्री हुई थी, जो सालाना आधार पर 18 प्रतिशत की वृद्धि है। टाटा की पंच माइक्रो एसयूवी भी 2021 के अंत में बाजार में अपनी शुरुआत के बाद से घरेलू निर्माता के लिए एक प्रमुख उत्पाद रहा है और इसने कंपनी की बिक्री में काफी योगदान दिया है।

पिछले महीने यह भारत में तीसरी सबसे अधिक बिकने वाली एसयूवी रही है, क्योंकि 2021 में इसी अवधि के दौरान 8,008 यूनिट के मुकाबले इसकी 10,586 यूनिट की बिक्री हुई है, जिसमें सालाना आधार पर 32 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। हुंडई की क्रेटा ने मध्यम आकार के एसयूवी सेगमेंट में आगे बढ़ना जारी रखा है और पिछले महीनें इसकी 10,205 यूनिट की बिक्री हुई है, जो दिसंबर 2021 में बेचीं गई 7,609 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 34 फीसदी की वृद्धि है।

tata nexon_-4

टॉप 10 एसयूवीदिसंबर 2022दिसंबर 2021
1. टाटा नेक्सन (-7%)12,05312,899
2. मारुति सुजुकी ब्रेज़ा (18%)11,2009,531
3. टाटा पंच (32%)10,5868,008
4. हुंडई क्रेटा (34%)10,2057,609
5. हुंडई वेन्यू (-20%)8,28510,360
6. महिंद्रा स्कार्पियो (299%)7,0031,757
7. मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा6,171
8. किआ सेल्टोस (49%)5,9954,012
9. किआ सोनेट (61%)5,7723,578
10. महिंद्रा XUV700 (41%)5,6233,980

वहीं हुंडई वेन्यू की दिसंबर 2022 में 8,285 यूनिट की बिक्री हुई है, जो दिसंबर 2021 में बेचीं गई 10,360 यूनिट की तुलना में सालाना आधार पर 20 प्रतिशत की गिरावट है। फाइव-सीटर को कुछ साल पहले बाजार में पेश किए जाने के बाद से ही ग्राहकों के बीच अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और पिछले साल अंदर और बाहर कई बदलावों के साथ इसे नया रूप दिया गया था।

वहीं महिंद्रा स्कॉर्पियो एन और स्कॉर्पियो क्लासिक की संयुक्त बिक्री 7,003 यूनिट की रही है, जबकि दिसंबर 2021 में इसकी 1,757 यूनिट की बिक्री हुई थी, जो सालाना आधार पर 299 फीसदी की वृद्धि है। मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा पिछले महीने सातवीं सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी रही है और इसकी 6,171 यूनिट की बिक्री हुई है।

mahindra xuv700-26
Pic Source : Vikash Singh

वहीं किआ की सेल्टोस और सोनट को सूची में आठवाँ और नौवां स्थान मिला है और इनकी क्रमश: 5995 यूनिट और 5,772 यूनिट की बिक्री हुई है। महिंद्रा की XUV700 ने सालाना आधार पर 41 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 3,980 यूनिट की तुलना में 5,623 यूनिट की बिक्री के साथ शीर्ष दस में जगह बनाई है।