
जुलाई 2023 में टॉप 10 में शामिल रही मोटरसाइकिलों की कुल 6,77,961 यूनिट की बिक्री हुई है, जो कि जुलाई 2022 में बेची गई 7,08,168 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 4.27 फीसदी की गिरावट है
भारत में मोटरसाइकिल बाजार अत्यधिक प्रतिस्पर्धी है और नए मॉडल व फीचर अपडेट के साथ कंपनियां खुद को बाजार में बनाए रखने की कोशिशें करती रहती हैं। हालाँकि जुलाई 2023 में टॉप 10 मोटरसाइकिलों की बिक्री में मामूली गिरावट देखने को मिली है। दरअसल जुलाई 2023 में टॉप 10 में शामिल रही मोटरसाइकिलों की कुल 6,77,961 यूनिट बेची गई हैं, जो कि जुलाई 2022 में बेची गई 7,08,168 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 4.27 प्रतिशत की गिरावट है।
जुलाई 2023 में बेची गई 2,28,847 यूनिट की बिक्री के साथ हीरो स्प्लेंडर ने एक बार फिर से सेगमेंट का नेतृत्व किया है। हालाँकि जुलाई 2022 में इसकी 2,50,409 यूनिट बेची गई थी, जो सालाना आधार पर 8.61 प्रतिशत की गिरावट है। वहीं जुलाई 2023 में 1,03,072 यूनिट की बिक्री के साथ होंडा शाइन दूसरे स्थान पर रही है, जो कि जुलाई 2022 में बेची गई 1,14,663 यूनिट की तुलना में सालाना आधार पर 10.11 प्रतिशत की गिरावट है।
इसी प्रकार जुलाई 2023 में बेची गई 87,958 यूनिट के साथ बजाज पल्सर तीसरे स्थान पर रही है। हालाँकि पिछले साल के इसी महीने में पल्सर की 1,01,905 यूनिट की बिक्री हुई थी, जो कि सालाना आधार पर 13.69 प्रतिशत की गिरावट है। जुलाई 2023 में बेची गई मोटरसाइकिलों की टॉप 10 सूची में हीरो एचएफ डीलक्स भी शामिल है, जिसकी सालाना आधार पर 32.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 65,931 यूनिट की बिक्री हुई है।
टॉप 10 मोटरसाइकिलें | जुलाई 2023 | जुलाई 2022 |
1. हीरो स्पलेंडर (-8.61%) | 2,28,847 | 2,50,409 |
2. होंडा शाइन (-10.11%) | 1,03,071 | 1,14,663 |
3. बजाज पल्सर (-13.69%) | 87,958 | 1,01,905 |
4. हीरो एचएफ डीलक्स (-32.34%) | 65,931 | 97,451 |
5. होंडा यूनिकॉर्न (258.11%) | 40,119 | 11,203 |
6. टीवीएस रेडर (126.24%) | 36,900 | 16,310 |
7. हीरो पैशन (68.75%) | 34,253 | 20,298 |
8. बजाज प्लेटिना (-30.79%) | 33,557 | 48,484 |
9. रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 (7.17%) | 24,889 | 23,223 |
10. टीवीएस अपाचे (-7.38%) | 22,435 | 24,222 |
होंडा यूनिकॉर्न और टीवीएस रेडर इस सूची में सालाना आधार पर वृद्धि दर्ज करने वाली मोटरसाइकिल बनकर उभरी हैं। जुलाई 2023 में बेची गई 40,119 यूनिट के साथ होंडा यूनिकॉर्न पांचवें नंबर पर रही है, जो कि जुलाई 2022 में बेची गई 11,203 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 258.11 फीसदी की शानदार वृद्धि है।
वहीं टीवीएस रेडर की बिक्री में भी सालाना आधार पर 126.24 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है और पिछले महीने इसकी 36,900 यूनिट की बिक्री हुई है। इसके मुकाबले जुलाई 2022 में इसकी 16,310 यूनिट बेची गई थी। सूची में सातवें नंबर पर हीरो पैशन रही है, जिसकी पिछले महीने 34,253 यूनिट की बिक्री हुई है, जो कि जुलाई 2022 में बेची गई 20,298 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 68.75 प्रतिशत की वृद्धि है।
टॉप 10 की सूची में अंतिम तीन स्थान पर बजाज प्लेटिना 33,557 यूनिट, रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 कुल 24,889 यूनिट और टीवीएस अपाचे 22,435 यूनिट के साथ शामिल रही हैं। जिनमें से केवल क्लासिक 350 ही ऐसी बाइक रही है, जिसने अपनी बिक्री में वृद्धि दर्ज की है। बाकी दोनों बाइक्स ने क्रमशः 30.79 फीसदी और 7.38 फीसदी की गिरावट देखी है।