
सितंबर 2023 में मारुति सुजुकी डिजायर 13,880 यूनिट की बिक्री के साथ टॉप 10 सेडान की सूची में पहले स्थान पर रही है
सितंबर 2023 के महीने में बेची गई टॉप 10 सेडान की बिक्री के आंकड़े सामने आ गए हैं और मारुति सुजुकी की डिजायर ने 13,880 यूनिट की घरेलू बिक्री के साथ सेडान सेगमेंट में अपना दबदबा जारी रखा है। वहीं डिजायर की पिछले साल की समान अवधि में 9,601 यूनिट की बिक्री हुई थी, जो कि सालाना आधार पर 45 प्रतिशत की वृद्धि है। इस तरह यह भी स्पष्ट है कि डिजायर ने सालों पुराना अपना दबदबा बरकरार करके रखा हुआ है।
वहीं सितंबर 2023 की बिक्री में हुंडई औरा कुल मिलाकर 3,900 यूनिट के साथ दूसरे स्थान पर रही है, जबकि सितंबर 2022 में यह आंकड़ा 4,239 यूनिट का था, जो कि सालाना आधार पर 8 प्रतिशत की गिरावट को दर्शाता है। नई पीढ़ी की हुंडई वेर्ना 2,610 यूनिट की घरेलू बिक्री के साथ सूची में तीसरे स्थान पर रही है, जबकि बारह महीने पहले इसी अवधि के दौरान इसकी 1,654 यूनिट की बिक्री हुई थी। जो सालाना आधार पर 58 फीसदी की वृद्धि है।
2023 हुंडई वेर्ना अंदर और बाहर कई संशोधनों के साथ आती है और यह एक नए 1.5 लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन से पावर प्राप्त करती है, जो लगभग 160 पीएस की अधिकतम पावर और 253 एनएम का पीक टॉर्क प्रदान करती है। वहीं होंडा अमेज 2,577 यूनिट की बिक्री के साथ चौथे स्थान पर रही है, जो कि सितंबर 2022 में बेची गई 4,082 यूनिट की तुलना में सालाना आधार पर 37 प्रतिशत की गिरावट को दर्शाता है।
टॉप 10 सेडान | सितंबर 2023 | सितंबर 2022 |
1. मारुति सुजुकी डिजायर (45%) | 13,880 | 9,601 |
2. हुंडई औरा (-8%) | 3,900 | 4,239 |
3. हुंडई वेर्ना (58%) | 2,610 | 1,654 |
4. होंडा अमेज़ (-37%) | 2,577 | 4,082 |
5. फॉक्सवैगन वर्टस (-10%) | 1,791 | 1,986 |
6. होंडा सिटी (-53%) | 1,599 | 3,420 |
7. स्कोडा स्लाविया (69%) | 1,581 | 937 |
8. टाटा टिगोर (-59%) | 1,534 | 3,700 |
9. मारुति सुजुकी सियाज़ (10%) | 1,491 | 1,359 |
10. टोयोटा कैमरी (281%) | 259 | 68 |
आपको बता दें कि डिज़ायर और अमेज़ को अगले साल नया जेनरेशन मिलने वाला है और ये ग्राहकों के लिए नए लुक और फीचर्स के साथ उपलब्ध होंगी। तीसरे जेनरेशन की अमेज 2024 में किसी समय अपनी वैश्विक शुरुआत करेगी। नई डिजायर को एक नया 1.2 लीटर, स्ट्रांग हाइब्रिड पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो कि 35 से 40 किमी का माइलेज देने में सक्षम हो सकता है।
वहीं फॉक्सवैगन वर्टस और लोकप्रिय सेडान होंडा सिटी क्रमश: 1,791 और 1,599 यूनिट के साथ सूची में पाँचवे और छटे स्थान पर रही हैं। वहीं स्कोडा स्लाविया 1,581 यूनिट के साथ सूची में सातवें स्थान पर रही है, जो पिछले साल की समान अवधि में बेचीं गई 937 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 69 फीसदी की वृद्धि है।
सिंतबर 2023 में अमेज की तरह टाटा की टिगोर की भी हालत खराब रही है और पिछले महीने इसकी कुल मिलाकर केवल 1,534 यूनिट की बिक्री हुई है। वहीं सितंबर 2022 में यह आंकड़ा 3,700 यूनिट का था, जो कि सालाना आधार पर 59 प्रतिशत की गिरावट है। सूची में मारुति सुजुकी सियाज़ और टोयोटा कैमरी हाइब्रिड क्रमशः नौवें और दसवें स्थान पर रही हैं।