जनवरी 2021 में कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट की बिक्री में हुंडई वेन्यू लिस्ट में सबसे ऊपर रही और इसकी बिक्री में सालाना आधार पर 75 प्रतिशत की वृद्धि हुई
भारत में कॉम्पैक्ट एसयूवी की बिक्री जनवरी 2021 में भी शानदार रही और हुंडई वेन्यू देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली कॉम्पैक्ट एसयूवी बनकर उभरी है। हुंडई इंडिया ने इस एसयूवी की बिक्री में सालाना आधार पर 75 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। जनवरी में हुंडई वेन्यू (Hyundai Venue) की 11,779 यूनिट बेची गई, जबकि जनवरी 2020 में इसकी केवल 6,733 यूनिट की बिक्री हुई थी।
हुंडई वेन्यू से मात्र 1,100 यूनिट के अंतर के साथ मारुति सुजुकी विटारा ब्रेजा (Maruti Vitara Brezza) कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में दूसरे स्थान पर रही। कंपनी ने जनवरी 2021 में ब्रेजा की 10,623 यूनिट की बिक्री की, जो कि साल 2020 की इसी अवधि के दौरान 10,134 यूनिट थी और यह 4.82 प्रतिशत की मामूली वृद्धि h।
किआ मोटर्स इंडिया ने पिछले साल के अंत में सोनेट (Kia Sonet) को पेश किया था और यह सेल्टोस के साथ कंपनी के लिए शीर्ष विक्रेता बनकर उभरी है। किआ ने जनवरी 2021 में इस कॉम्पैक्ट एसयूवी की 8,859 यूनिट की बिक्री की है, जो कि लिस्ट में तीसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही।
Model (YOY) | January 2021 Sales | January 2020 Sales |
1. Hyundai Venue (74.94%) | 11,779 | 6,733 |
2. Maruti Vitara Brezza (4.82%) | 10,623 | 10,134 |
3. Kia Sonet | 8,859 | – |
4. Tata Nexon (143.19%) | 8,225 | 3,382 |
5. Mahindra XUV300 (37.26%) | 4,612 | 3,360 |
6. Mahindra Thar | 3,152 | – |
7. Toyota Urban Cruiser | 3,075 | – |
8. Nissan Magnite | 3,011 | – |
9. Ford Ecosport (-42.21%) | 2,226 | 3,852 |
10. Honda WR-V (943.96%) | 1,211 | 116 |
टाटा नेक्सन (Tata Nexon) सेगमेंट में चौथी सबसे अधिक बिकने वाली कार रही और जनवरी 2021 इसके लिए सबसे शानदार रहा। टाटा मोटर्स ने इस कार की 8,225 यूनिट की बिक्री दर्ज की है, जो कि जनवरी 2020 के 3,382 यूनिट के मुकाबले 143.19 प्रतिशत की भारी वृद्धि है। यहाँ ध्यान देने वाली बात है कि नेक्सन की यह बिक्री अब तक की हुई सबसे ज्यादा मासिक बिक्री है।
महिंद्रा एक्सयूवी300 (Mahindra XUV300) की भी जनवरी में 37.26 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 4,612 यूनिट बेची गई, जो कि पिछले साल इसी महीने में 3,360 यूनिट थी। बिक्री की लिस्ट में महिंद्रा थार छठा स्थान प्राप्त करने में कामयाब रही और इसकी 3,152 यूनिट की बिक्री हुई। किआ सोनेट की तरह नई एंट्री टोयोटा अर्बन क्रूजर (Toyota Urban Cruiser) ने अपना दम दिखाया है और इस कॉम्पैक्ट एसयूवी की बिक्री 3,075 यूनिट के पार रही। इसी तरह एक और नई एसयूवी निसान मैग्नाइट (Nissan Magnite) की 3,011 यूनिट बेची गई।
अन्य एसयूवी की बात करें फोर्ड इकोस्पोर्ट (Ford Ecosport) 2,226 यूनिट के साथ नौवां स्थान मिला, जबकि पिछले साल के 3,852 यूनिट के मुकाबले इसमें 42.21 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है, जबकि होंडा डब्ल्यूआर-वी (Honda WR-V) की बिक्री में 943.96 प्रतिशत की भारी वृद्धि दर्ज की है, जो कि जनवरी 2021 में 1,211 यूनिट रही। पिछले साल यह आंकड़ा केवल 116 यूनिट का था।