अक्टूबर 2023 की बिक्री में टॉप 10 मिडसाइज एसयूवी – स्कार्पियो, क्रेटा, सेल्टोस, एलिवेट, हैरियर

अक्टूबर 2023 में महिंद्रा स्कॉर्पियो 13,578 यूनिट की बिक्री के साथ टॉप 10 मिडसाइज एसयूवी सूची में पहले स्थान पर रही है

पिछले महीने स्कॉर्पियो क्लासिक और स्कॉर्पियो एन की संयुक्त बिक्री ने हुंडई क्रेटा को पछाड़ा है। अक्टूबर 2023 में महिंद्रा स्कॉर्पियो कुल 13,578 यूनिट की बिक्री के साथ मिडसाइज़ एसयूवी बिक्री चार्ट में शीर्ष पर रही है, जो पिछले साल की समान अवधि में बेचीं गई 7,438 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 83 फीसदी की वृद्धि है।

वहीं क्रेटा की 13,077 यूनिट की बिक्री दर्ज की गई है। जबकि बारह महीने पहले इसी अवधि में इसकी 11,880 यूनिट की बिक्री हुई थी, जिसमें साल-दर-साल 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस 5-सीटर को अगले साल की शुरुआत में एक बड़ा अपडेट मिलेगा क्योंकि इसमें नया डिज़ाइन किया गया एक्सटीरियर और इंटीरियर मिलेगा, जबकि 160 पीएस की पावर और 253 एनएम के टॉर्क का उत्पादन करने वाला एक नया 1.5L टर्बो पेट्रोल इंजन लाइनअप में शामिल होगा।

किआ सेल्टोस देश में 12,362 यूनिट की बिक्री के साथ तीसरी सबसे अधिक बिकने वाली मध्यम आकार की एसयूवी रही है। वहीं अक्टूबर 2022 में इसकी 9,777 यूनिट की बिक्री हुई थी, जो सालाना आधार पर 26 प्रतिशत की वृद्धि है। मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा 35 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 2022 में इसी अवधि के दौरान 8,052 यूनिट की तुलना में 10,834 यूनिट  के साथ सूची में चौथे स्थान पर रही है।

maruti grand vitara-15
Pic Source: Vasant Devendrabhai
टॉप 10 मिडसाइज एसयूवीअक्टूबर 2023अक्टूबर 2022
1. महिंद्रा स्कार्पियो (83%)13,5787,438
2. हुंडई क्रेटा (10%)13,07711,880
3. किआ सेल्टोस (26%)12,3629,777
4. मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा (35%)10,8348,052
5. महिंद्रा XUV700 (60%)9,2975,815
6. होंडा एलिवेट4,957–
7. टोयोटा हाइराइडर (18%)3,9873,384
8. स्कोडा कुशॉक (45%)2,4471,691
9. फॉक्सवैगन ताईगुन (-6%)2,2192,355
10. टाटा हैरियर (-31%)1,8962,762

महिंद्रा XUV700 60 प्रतिशत की सकारात्मक वृद्धि के साथ 5,815 यूनिट के मुकाबले कुल 9,297 यूनिट के साथ सूची में पांचवें स्थान पर रही है। वहीं हाल ही में पेश की गई होंडा एलिवेट अच्छा प्रदर्शन कर रही है और पिछले महीने इसकी 4,957 यूनिट की बिक्री दर्ज की गई है।

एलिवेट की कीमत प्रतिद्वंद्वियों के मुकाबले प्रतिस्पर्धी है और यह केवल होंडा सिटी में पाए जाने वाले 1.5L i-VTEC चार-सिलेंडर पेट्रोल इंजन द्वारा संचालित है, जिसे छह-स्पीड MT या CVT के साथ जोड़ा गया है। वहीं हाइराइडर की पिछले महीने 3,384 यूनिट की तुलना में 18 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 3,987 यूनिट की बिक्री हुई है, जबकि स्कोडा कुशाक की कुल मिलाकर 2,447 यूनिट की बिक्री हुई है।

honda elevate-18
Pic source: Yashwant Yadav

2022 में इसी अवधि की तुलना में इसकी 1,691 यूनिट की बिक्री हुई थी, जो सालाना आधार पर 45 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं फॉक्सवैगन ताइगुन की 6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,355 यूनिट के मुकाबले 2,219 यूनिट की बिक्री हुई है। हाल ही लॉन्च हुई फेसलिफ्ट हैरियर सूची में दसवें स्थान पर रही है।