
मई 2023 में हुंडई क्रेटा 14,449 यूनिट के साथ भारत में सबसे अधिक बिकने वाली मिडसाइज एसयूवी रही है
भारतीय कार बाजार में मिडसाइज एसयूवी सेगमेंट की लोकप्रियता हर साल बढ़ रही है। हाल ही पेश की गई नई 5-सीटर और 7-सीटर एसयूवी से सेगमेंट का काफी विस्तार हुआ है। हुंडई क्रेटा काफी लंबे समय से सेगमेंट लीडर रही है और मई 2023 के महीने में कंपनी ने इसकी कुल 14,449 यूनिट की बिक्री की हैं। वहीं पिछले साल इसी अवधि के दौरान क्रेटा की 10,973 यूनिट की बिक्री हुई थी।
इस तरह इसकी बिक्री में सालाना आधार पर 32 फीसदी की सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है। हुंडई क्रेटा एसयूवी के फेसलिफ्टेड वर्जन को अगले साल की शुरुआत में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है, जिसमें कई सारे बदलाव किए जाएंगे, ताकि ये कार बेस्ट सेलर के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत कर सके।
वहीं दूसरी ओर महिंद्रा स्कॉर्पियो 4,348 यूनिट के मुकाबले कुल 9,318 यूनिट के साथ मिडसाइज एसयूवी सूची में दूसरे स्थान पर रही है। महिंद्रा की इस एसयूवी की बिक्री में सालाना आधार पर 114 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। नई पीढ़ी की स्कॉर्पियो एन और स्कॉर्पियो क्लासिक के आगमन ने वास्तव में बिक्री संख्या बढ़ाने में मदद की है।

टॉप 10 मिडसाइज एसयूवी | मई 2023 | मई 2022 |
1. हुंडई क्रेटा (32%) | 14,449 | 10,973 |
2. महिंद्रा स्कार्पियो (114%) | 9,318 | 4,348 |
3. मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा | 8,877 | – |
4. महिंद्रा XUV700 (3%) | 5,245 | 5,069 |
5. किआ सेल्टोस (-32%) | 4,065 | 5,953 |
6. टोयोटा हाइराइडर | 3,090 | – |
7. एमजी हेक्टर (71%) | 2,800 | 1,633 |
8. हुंडई अलकाज़ार (25%) | 2,443 | 1,947 |
9. टाटा हैरियर (-18%) | 2,303 | 2,794 |
10. टाटा सफारी (-21%) | 1,776 | 2,242 |
मई 2023 में मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा देश में तीसरी सबसे अधिक बिकने वाली मध्यम आकार की एसयूवी रही है, जिसकी कुल 8,877 यूनिट की बिक्री हुई है। ग्रैंड विटारा भी बाजार में अपनी शुरुआत के बाद से ही लगातार बिकती रही है। महिंद्रा की सबसे प्रीमियम एसयूवी एक्सयूवी700 पिछले महीने कुल 5,245 यूनिट की बिक्री के साथ चौथे स्थान पर रही है, जबकि 2022 में इसी अवधि के दौरान इसकी 5,069 यूनिट की बिक्री हुई थी, जो सालाना आधार पर 3 प्रतिशत की सकारात्मक वृद्धि है।
वहीं किआ सेल्टोस कुल 4,065 यूनिट के साथ लिस्ट में पांचवें स्थान पर रही है। 2022 में इसी अवधि की तुलना में कंपनी ने सेल्टोस की 5,953 यूनिट की बिक्री की थी। इस हिसाब से सेल्टोस की बिक्री मे सालाना आधार पर 32 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं टोयोटा की अर्बन क्रूजर हाइराइडर कुल 3,090 यूनिट की बिक्री के साथ छठे स्थान पर रही है, जबकि एमजी हेक्टर 71 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,633 यूनिट के मुकाबले कुल 2,880 यूनिट की बिक्री के साथ सातवें स्थान पर रही है।

मई 2023 में हुंडई अलकाज़ार ने भी 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करते हुए 1,947 यूनिट के मुकाबले कुल 2,443 यूनिट का आंकड़ा छुआ है। वहीं सूची में टाटा हैरियर और सफारी सूची में क्रमशः 2,303 और 1,776 यूनिट के साथ सूची में शामिल रही हैं।