
अप्रैल 2021 में होंडा सिटी बिक्री के मामले में हुंडई वेर्ना और मारुति सुजुकी सियाज से आगे रही और इसने मिडसाइज सेडान सेगमेंट का नेतृत्व किया
भारत में यूं तो इन दिनों मिड साइज और कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट की लोकप्रियता चरम पर है और इन्होंने खरीददारों का ध्यान जबरदस्त तरीके से अपनी ओर आकर्षित किया है। दूसरी ओर सेडान सेगमेंट ने अपनी लोकप्रियता में स्पष्ट तौर पर कमी देखी है, हालांकि अभी भी देश में सेडान सेगमेंट को चाहने वालों की कमी नहीं है।
अप्रैल 2021 में होंडा सिटी ने कुल मिलाकर 3,128 यूनिट की बिक्री के साथ मिड साइज सेडान सेगमेंट का नेतृत्व किया है। भारत में कंपनी द्वारा होंडा सिटी के पांचवें जेनरेशन को पेश किए जाने का फायदा इसकी बिक्री को स्पष्ट तौर पर मिला है और इसने होंडा की बिक्री में काफी योगदान दिया है।
लिस्ट में दूसरा स्थान हुंडई वेर्ना को मिला है और अप्रैल 2021 में इसकी 2,552 यूनिट की बिक्री हुई है। वहीं मारुति सुजुकी सियाज अप्रैल 2021 में तीसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली सेडान रही, जिसकी 1,567 यूनिट की बिक्री हुई है। इसी तरह स्कोडा रैपिड को पिछले महीने 848 यूनिट के साथ चौथा स्थान मिला है।
टॉप मिडसाइज सेडान | अप्रैल 2021 | अप्रैल 2020 |
1. होंडा सिटी | 3,128 | 0 |
2. हुंडई वेर्ना | 2,552 | 0 |
3. मारुति सुजुकी सियाज | 1,567 | 0 |
4. स्कोडा रैपिड | 848 | 0 |
5. टोयोटा यारिस | 285 | 0 |
6. फॉक्सवैगन वेंटो | 170 | 0 |
अप्रैल 2021 में टोयोटा यारिस की 285 यूनिट बेची गई हैं। वहीं फॉक्सवैगन वेंटो की 170 यूनिट की बिक्री हुई है। बता दें कि स्कोडा रैपिड को अगले साल की शुरुआत में रिप्लेसमेंट मिलने की उम्मीद है। इस नई कार को भारी स्थानीयकृत MQB A0 IN प्लेटफ़ॉर्म पर विकसित किया जाएगा, इस प्रकार हम प्रतिस्पर्धी मूल्य निर्धारण की उम्मीद कर सकते हैं।
इसके अलावा 2022 के अंत में फॉक्सवैगन वेंटो को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बेची जाने वाली Virtus के आधार पर नया जेनरेशन प्राप्त हो सकता है। अप्रैल 2021 के बिक्री आंकड़ों की तुलना पिछले वर्ष की इसी अवधि से नहीं की जा सकती है, क्योंकि पिछले साल देश में चल रहे हेल्थ क्राइसिस के कारण एक भी कार की बिक्री नहीं हुई थी।
हाल के महीनों में ऑटोमोबाइल निर्माताओं अपने मॉडलों की कीमतों में बढ़ोतरी की है। आने वाले समय में मिडसाइज सेडान सेगमेंट में रिबैज सियाज़ को भी लॉन्च किया जा सकता है और यह मौजूदा यारिस की जगह ले सकती है।