टाटा नेक्सन अक्टूबर 2022 में 13,767 यूनिट की बिक्री के साथ अपने सेगमेंट में सबसे ऊपर रही है, जो अक्टूबर 2021 में बेची गई 10,096 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 36 फीसदी की वृद्धि है
भारतीय बाजार में कॉम्पैक्ट एसयूवी की लोकप्रियता में दिनों-दिन इजाफा हो रहा है, जो कि अक्टूबर 2022 में भी जारी रहा है। कंपनियों ने अक्टूबर 2022 के महीने में अपनी इन कारों की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। पिछले महीने टाटा नेक्सन एक बार फिर से 13,767 यूनिट की बिक्री के साथ अपने सेगमेंट में सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बनकर उभरी है।
इसके मुकाबले टाटा मोटर्स ने अक्टूबर 2021 में नेक्सन की 10,096 यूनिट की बिक्री की थी, जो कि सालाना आधार पर 36 प्रतिशत की वृद्धि है। वहीं टाटा मोटर्स की दूसरी कार टाटा पंच ने भी अपना जलवा बरकरार रखा है और इसकी कुल मिलाकर 10,982 यूनिट की बिक्री हुई है, जो कि अक्टूबर 2021 में बेची गई 8,453 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 30 प्रतिशत की वृद्धि है।
वहीं हाल ही में मारुति ब्रेज़ा को नया जेनरेशन मिला है और 9,941 यूनिट की बिक्री के साथ यह सूची में तीसरे स्थान पर रही है, जो कि पिछले साल की इसी अवधि में बेची गई 8,032 यूनिट के मुकाबले 24 प्रतिशत की वृद्धि है। जबकि हुंडई वेन्यू की 9 प्रतिशत की गिरावट के साथ 9,585 यूनिट की बिक्री हुई है, जबकि अक्टूबर 2021 में यह आंकड़ा 10,554 यूनिट का था।
टॉप 10 कॉम्पैक्ट एसयूवी | अक्टूबर 2022 | अक्टूबर 2021 |
1. टाटा नेक्सन (36%) | 13,767 | 10,096 |
2. टाटा पंच (30%) | 10,982 | 8,453 |
3. मारुति ब्रेज़ा (24%) | 9,941 | 8,032 |
4. हुंडई वेन्यू (-9%) | 9,585 | 10,554 |
5. किआ सोनेट (40%) | 7,614 | 5,443 |
6. महिंद्रा XUV300 (49%) | 6,282 | 4,203 |
7. निसान मैग्नाइट (-17%) | 2,819 | 3,389 |
8. रेनो काइगर (2%) | 2,685 | 2,643 |
9. होंडा WR-V (-10%) | 653 | 728 |
10. टोयोटा अर्बन क्रूजर | 0 | 2,100 |
वहीं किआ सोनेट ने 7,614 यूनिट की बिक्री के साथ 40 प्रतिशत की उछाल देखी है, क्योंकि अक्टूबर 2021 में इसकी केवल 5,443 यूनिट की बिक्री हुई थी। इसी प्रकार महिंद्रा एक्सयूवी300 की पिछले महीने कुल 6,282 यूनिट की बिक्री हुई है, जो अक्टूबर 2021 में बेची गई 4,203 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 49 प्रतिशत की वृद्धि है। एक्सयूवी300 को अगले साल नया जेनरेशन अपडेट भी मिलने वाला है।
वहीं अक्टूबर 2022 में निसान मैग्नाइट की कुल 2,819 यूनिट की बिक्री हुई है, जो कि अक्टूबर 2021 में बेची गई 3,389 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार 17 प्रतिशत की गिरावट है, जबकि रेनो इंडिया ने पिछले महीने काइगर की कुल 2,685 यूनिट की बिक्री की है, जो अक्टूबर 2021 में बेची गई 2,643 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 2 प्रतिशत की वृद्धि है।
वहीं होंडा डब्ल्यूआर-वी ने अपनी बिक्री में सालाना आधार पर 10 प्रतिशत की गिरावट देखी है ,क्योंकि पिछले महीने इसकी 653 यूनिट की बिक्री हुई है, जबकि अक्टूबर 2021 में यह आंकड़ा 728 यूनिट का था। होंडा भारत में अगले साल एक नई मिड साइज एसयूवी और कॉम्पैक्ट एसयूवी भी लाने वाली है। वहीं पिछले महीनें टोयोटा अर्बन क्रूजर की एक भी यूनिट की बिक्री नहीं हुई है, जबकि अक्टूबर 2021 में यह आंकड़ा 2,100 यूनिट का था। इसके नए जेनरेशन पर अभी तक सस्पेंस बना हुआ है।