
अप्रैल 2026 में टॉप 10 कार ब्रांड्स की सूची में मारुति सुजुकी 1,87,704 यूनिट्स की बिक्री के साथ पहले स्थान पर रही
नए वित्त वर्ष के पहले महीने में देश की ज्यादातर कार कंपनियों ने घरेलू बाजार में सालाना आधार पर वृद्धि दर्ज की है। टॉप पोजीशन में कोई बदलाव नहीं हुआ और मारुति सुजुकी ने एक बार फिर बड़े अंतर से पहला स्थान हासिल किया, जबकि रेनो ने सबसे ज्यादा फीसदी की वृद्धि दर्ज की है।
मारुति सुजुकी ने अप्रैल 2026 में 1,87,704 यूनिट्स की बिक्री के साथ दबदबा कायम रखा। यह आंकड़ा साल-दर-साल 35 फीसदी की बढ़त और मार्च 2026 के 1,69,428 यूनिट्स के मुकाबले 10.8 फीसदी ज्यादा है। इस बढ़ोतरी की बड़ी वजह छोटे कारों पर जीएसटी में कमी रही, जिससे खासकर हैचबैक और एंट्री-लेवल SUV की मांग में तेजी आई।
दूसरे स्थान पर टाटा मोटर्स रही, जिसने अप्रैल 2026 में 59,000 यूनिट्स की घरेलू बिक्री की, जो पिछले साल के मुकाबले 30.5 फीसदी ज्यादा है। हालांकि, मार्च 2026 के 66,971 यूनिट्स के मुकाबले इसमें 11.9 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। सूची में तीसरे स्थान पर महिंद्रा रही, जिसने 56,331 यूनिट्स बेचीं। यह पिछले साल से 8 फीसदी ज्यादा है, लेकिन मार्च 2026 के 60,272 यूनिट्स से 6.5 फीसदी कम है। इसके बावजूद महिंद्रा की SUV रेंज मजबूत बनी हुई है।

चौथे स्थान पर हुंडई रही, जिसने 51,902 यूनिट्स की बिक्री की है। यह साल-दर-साल 17 फीसदी की बढ़त है और कंपनी के लिए अब तक का सबसे ज्यादा अप्रैल सेल्स रिकॉर्ड है। हुंडई वेन्यू ने 12,420 यूनिट्स की रिकॉर्ड बिक्री के साथ इसमें अहम भूमिका निभाई है। पांचवें स्थान पर टोयोटा रही, जिसने 30,159 यूनिट्स की बिक्री की और यह 21 फीसदी की सालाना बढ़त है, हालांकि मार्च के मुकाबले 14.1 फीसदी की गिरावट है।
टोयोटा इनोवा HyCross ने 2 लाख यूनिट्स की कुल बिक्री का आंकड़ा पार कर कंपनी के लिए बड़ी उपलब्धि हासिल की है।छठे स्थान पर किआ इंडिया रही, जिसने 27,286 यूनिट्स बेचीं और 16 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की। किआ सेल्टोस और किआ सोनेट दोनों ने 10,000 यूनिट्स से ज्यादा की बिक्री हासिल की है।

MG मोटर इंडिया ने 6,018 यूनिट्स के साथ 3 फीसदी की हल्की बढ़त दर्ज की है। वहीं, रेनो ने 5,413 यूनिट्स के साथ सबसे ज्यादा 108 फीसदी की सालाना ग्रोथ हासिल की है, जिसमें Triber के अपडेटेड मॉडल का बड़ा योगदान रहा है। निसान इंडिया ने 3,203 यूनिट्स की बिक्री के साथ 45.5 फीसदी की बढ़त दर्ज की है। वहीं होंडा कार्स इंडिया के लिए यह महीना चुनौतीपूर्ण रहा। कंपनी की बिक्री मार्च 2026 के 7,585 यूनिट्स से घटकर अप्रैल में 4,069 यूनिट्स रह गई, हालांकि साल-दर-साल 21 फीसदी की बढ़त दर्ज हुई है।