महिंद्रा Thar 3-डोर फेसलिफ्ट और अपडेटेड BE 6 इलेक्ट्रिक 15 अगस्त को हो सकती है लॉन्च

महिंद्रा थार 3-डोर फेसलिफ्ट और अपडेटेड BE 6 इलेक्ट्रिक नए फीचर्स के साथ लॉन्च होंगी

महिंद्रा ने हाल ही में अपनी लोकप्रिय एसयूवी Scorpio-N का अपडेटेड मॉडल लॉन्च किया है। अब कंपनी अपनी दूसरी चर्चित SUVs को भी अपडेट करने की तैयारी में है। उम्मीद है कि महिंद्रा थार 3-डोर फेसलिफ्ट को जल्द पेश किया जा सकता है। इसके अलावा कंपनी अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी BE 6 के अपडेटेड वर्जन पर काम कर रही है।

महिंद्रा अपनी सालाना Independence Day इवेंट में नई Thar Facelift से पर्दा उठा सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसकी लॉन्च टाइमलाइन का खुलासा नहीं किया है। नई Thar 3-Door के डिजाइन में कुछ कॉस्मेटिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसमें नया ग्रिल डिजाइन, C-शेप LED DRLs, नए टेल लैंप्स और अपडेटेड अलॉय व्हील्स शामिल हो सकते हैं।

इन बदलावों के बावजूद SUV का मौजूदा रफ और बॉक्सी डिजाइन बरकरार रहने की उम्मीद है। नई Thar के केबिन में भी कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए जा सकते हैं। इसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा एसयूवी में ADAS यानी एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम भी दिया जा सकता है।

हालांकि, इसके इंजन और गियरबॉक्स में बदलाव की उम्मीद नहीं है। मौजूदा मॉडल की तरह इसमें 2.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल, 1.5-लीटर डीजल और 2.2-लीटर डीजल इंजन मिलेंगे। इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प जारी रह सकता है। चुनिंदा वेरिएंट्स में 4WD सिस्टम भी मिलेगा।

वहीं महिंद्रा अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी BE 6 को भी अपडेट करने की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके एक्सटीरियर में बड़े बदलाव नहीं किए जाएंगे और SUV का मौजूदा डिजाइन काफी हद तक बरकरार रह सकता है। हालांकि, इसके इंटीरियर में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। लीक हुई तस्वीर में BE 6 का नया डैशबोर्ड नजर आया है। हालांकि, इसमें मौजूदा टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और डुअल-स्क्रीन सेटअप को बरकरार रखा जा सकता है।

Mahindra BE 6E-5

रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिंद्रा BE 6 में XEV 9e और XEV 9S जैसा ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप देने पर भी विचार कर रही है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि यह फीचर केवल टॉप वेरिएंट्स में मिलेगा या सभी वेरिएंट्स में दिया जाएगा। इसके अलावा, इंटीरियर में नई सीट अपहोल्स्ट्री भी मिल सकती है। मौजूदा ब्लैक और ग्रे थीम की जगह ज्यादा प्रीमियम ब्लैक और टैन कलर का कॉम्बिनेशन दिया जा सकता है।