मुंबई में Tesla का शोरूम बीकेसी के जियो वर्ल्ड ड्राइव में खुलेगा, जबकि दिल्ली में दूसरा शोरूम जुलाई 2025 के आखिर तक शुरू हो जाएगा
टेस्ला 15 जुलाई, 2025 को भारत में अपने पहले एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन करने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुंबई के जियो वर्ल्ड ड्राइव का पहला सप्ताह वीआईपी और व्यावसायिक साझेदारों के लिए रिजर्व्ड रहेगा, जबकि अगले सप्ताह से आम जनता को अनुमति दी जाएगी। सूत्रों ने पुष्टि की है कि अमेरिकी इलेक्ट्रिक फोर-व्हीलर ब्रांड जुलाई 2025 के अंत तक दिल्ली में अपना दूसरा शोरूम खोलेगा। टेस्ला मॉडल Y भारतीय बाजार में बिक्री के लिए आने वाली कंपनी की पहली कार होगी। आपको बता दें कि इसे चीन से पूर्ण आयात के रूप में बेचा जाएगा।
टेस्ला भारतीय बाजार में ऐसे महत्वपूर्ण समय में प्रवेश कर रही है जब इसकी ग्लोबल सेल घट रही है। भारतीय ऑटो उद्योग चीन और यूनाइटेड स्टेट आफ अमेरिका के बाद दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा उद्योग है। मुंबई के बीकेसी में स्थित एक्सपीरियंस सेंटर संभावित खरीदारों को टेस्ला कारों की कीमत, वेरिएंट की जानकारी और कॉन्फिगरेशन विकल्पों सहित डिटेल्स प्रदान करेगा।
टेस्ला अगले हफ्ते से मॉडल Y के लिए प्री-ऑर्डर लेना शुरू कर देगी और पहली डिलीवरी अगस्त 2025 के अंत तक मिलने का वादा किया गया है। कुछ लीक हुए डॉक्यूमेंट्स से पता चलता है कि रियर-व्हील-ड्राइव मॉडल Y SUVs का पहला बैच चीन स्थित ब्रांड के प्लांट से भारत पहुंच चुका है। बता दें कि टेस्ला मॉडल Y दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार है और शायद यही सबसे बड़ी वजह है कि कंपनी ने इसे भारत में बिक्री के लिए पहली टेस्ला कार के रूप में चुना है।

चीन से आयातित मॉडल Y की कीमत $32,270 (करीब 28 लाख रुपये) आंकी गई है। हालांकि, भारत में इसकी कीमत काफी ज़्यादा होने की संभावना है क्योंकि 40,000 डॉलर से कम कीमत वाली इलेक्ट्रिक कारों की पूरी तरह से निर्मित यूनिट (CBU) पर 70 प्रतिशत आयात शुल्क लगता है। अनुमान है कि सारे टैक्स को शामिल करने के बाद भारत में टेस्ला मॉडल Y की कीमत करीब 40 लाख रुपये से ज्यादा होगी।
टेस्ला मॉडल Y एक मिड साइज इलेक्ट्रिक SUV है, जिसमें हीटेड और वेंटिलेटेड सीट्स, पावर रिक्लाइन सेकेंड रो, हैंड्स-फ्री ऑटोमैटिक ट्रंक, 15.4-इंच का सेंट्रल टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, पीछे बैठने वालों के लिए 8-इंच का टचस्क्रीन, ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग और ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट जैसे कई फीचर्स शामिल हैं।

टेस्ला का कहना है कि उसकी Model Y कार सिर्फ 15 मिनट की चार्जिंग में करीब 293 किलोमीटर तक चल सकती है, बशर्ते वह उसके सुपरचार्जर नेटवर्क से जुड़ी हो। हालांकि, अमेरिका में जहाँ टेस्ला के पास 70,000 से ज्यादा सुपरचार्जर पॉइंट्स हैं, वहीं भारत में फिलहाल ऐसा कोई नेटवर्क मौजूद नहीं है। लेकिन अच्छी बात ये है कि टेस्ला अब भारत में भी सुपरचार्जर नेटवर्क को धीरे-धीरे स्थापित करने की योजना बना रही है, ताकि भविष्य में यूज़र्स को बेहतर चार्जिंग सुविधा मिल सके।