Tesla Model Y Premium रियर-व्हील ड्राइव भारत में हुई लॉन्च, कीमत 50.89 लाख रुपये

Tesla Model Y Premium

Tesla ने भारत में नई 2026 Model Y Premium RWD पेश की है, जिसमें नया डिज़ाइन, एडवांस टेक्नोलॉजी और पहले से ज्यादा प्रीमियम इंटीरियर दिया गया है

अमेरिकी इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी Tesla ने भारत में अपनी नई Model Y Premium RWD लॉन्च कर दी है। इसकी डिलीवरी जुलाई 2026 से शुरू होगी। इस नई इलेक्ट्रिक SUV में 2,100 लीटर से ज्यादा सामान रखने की जगह, बड़ा टचस्क्रीन और पहले से ज्यादा प्रीमियम व आधुनिक केबिन दिया गया है।

50.89 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर लॉन्च किया गया यह नया वेरिएंट हाल ही में पेश किये गए 6-सीटर Model Y L से नीचे पोजिशन की गई है। इसके साथ Tesla ने डिजाइन और फीचर्स में कई अहम अपडेट भी दिए हैं। स्टैंडर्ड मॉडल के मुकाबले Model Y Premium में पूरी तरह ब्लैक इंटीरियर थीम दी गई है, जो हेडलाइनर और केबिन ट्रिम तक फैली हुई है।

ग्राहकों के लिए Zen Grey इंटीरियर विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है, जो केबिन को ज्यादा प्रीमियम और हल्का लुक देता है। इसके अलावा, इंफोटेनमेंट सिस्टम को भी अपग्रेड किया गया है और अब इसमें 16-इंच का नया टचस्क्रीन मिलता है, जो बेहतर रिस्पॉन्स और अपडेटेड सॉफ्टवेयर इंटीग्रेशन के साथ आता है।

Tesla Model Y1

Model Y अपने सेगमेंट की सबसे प्रैक्टिकल इलेक्ट्रिक SUVs में से एक मानी जाती है। पीछे की सीटों को फोल्ड करने पर इसमें 2,138 लीटर तक का कार्गो स्पेस मिलता है, जबकि इसमें पांच लोगों के बैठने की सुविधा है। परफॉर्मेंस की बात करें तो इस वेरिएंट में पावर केवल रियर व्हील्स तक भेजी जाती है और यह SUV 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार सिर्फ 5.9 सेकंड में पकड़ सकती है।

WLTP मानकों के अनुसार इसकी प्रमाणित ड्राइविंग रेंज 500 किमी है, जिससे यह अलग-अलग जरूरतों वाले ग्राहकों के लिए एक आकर्षक विकल्प बनती है। Tesla ने इस अवसर पर पिछले महीने भारत में लॉन्च की गई Model Y L का भी जिक्र किया। यह बड़ी 6-सीटर SUV एक बार चार्ज करने पर 681 किमी तक की WLTP रेंज देने का दावा करती है और 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार मात्र 5.0 सेकंड में हासिल कर लेती है।

Tesla Model Y Premium (1)

Model Y L में 2,539 लीटर तक का कार्गो स्पेस मिलता है और इसकी तीन-पंक्ति सीटिंग व्यवस्था इसे ज्यादा प्रैक्टिकल बनाती है। Tesla के अनुसार Model Y Premium और Model Y L दोनों को कई वैश्विक सुरक्षा एजेंसियों जैसे National Highway Traffic Safety Administration, Insurance Institute for Highway Safety, Euro NCAP, ANCAP और China Insurance Automotive Safety Index से शीर्ष सुरक्षा रेटिंग प्राप्त हुई है।

कंपनी प्रीमियम EV को ज्यादा ग्राहकों तक पहुंचाने की कोशिश भी कर रही है। फिलहाल फाइनेंस स्कीम के तहत ग्राहक 6 लाख रुपये की शुरुआती डाउन पेमेंट के साथ Model Y Premium को लगभग 39,990 रुपये की मासिक EMI पर खरीद सकते हैं। Tesla का दावा है कि समान कीमत वाली पेट्रोल और डीजल गाड़ियों की तुलना में ईंधन और मेंटेनेंस खर्च में कमी के चलते ग्राहक हर महीने 20,000 रुपये तक की बचत कर सकते हैं। इसके अलावा, कंपनी ने सभी राज्यों में होम चार्जिंग सपोर्ट उपलब्ध कराने की पुष्टि की है और भारत में चार्जिंग नेटवर्क, रिटेल स्टोर्स तथा सर्विस इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार जारी रखने की योजना भी दोहराई है।