Tesla Model Y भारत में RWD और लॉन्ग रेंज RWD ट्रिम्स में उपलब्ध है और इसकी टॉप स्पीड 201 किमी/घंटा है
कई सालों की देरी के बाद अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला ने आखिरकार भारत में एंट्री ले ली है। कंपनी ने Model Y को लॉन्च कर दिया है और पहला शोरूम मुंबई में खोला गया है। Tesla Model Y (Rear-Wheel Drive वर्जन) की कीमत 59.89 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। यह इलेक्ट्रिक कार एक बार चार्ज होने पर 500 किलोमीटर (WLTP सर्टिफाइड रेंज) तक चल सकती है। ऑल-इलेक्ट्रिक मॉडल Y को बुक करने के इच्छुक खरीदार 22,220 रुपये की टोकन राशि जमा करके प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।
टेस्ला Model Y का स्टैंडर्ड रियर-व्हील ड्राइव (RWD) वेरिएंट 0 से 100 किमी/घंटा की स्पीड सिर्फ 5.9 सेकंड में पकड़ लेता है और इसकी टॉप स्पीड 201 किमी/घंटा है। वहीं Long Range Rear-Wheel Drive (LR RWD) थोड़ा ज्यादा पावरफुल है और इसकी कीमत 67.89 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। इसमें 622 किमी की WLTP सर्टिफाइड रेंज मिलती है और ये 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार सिर्फ 5.6 सेकंड में पकड़ लेती है।
इसकी भी टॉप स्पीड 201 किमी/घंटा है इन दोनों वेरिएंट्स के साथ, Tesla ने भारत में अपने इलेक्ट्रिक कार सेगमेंट की शुरुआत दमदार अंदाज़ में की है। दोनों वर्जन में एक जैसी डिज़ाइन भाषा है, जिसमें कूपे जैसा सिल्हूट, फ्लश डोर हैंडल शामिल हैं। फ़िलहाल ऑल-व्हील-ड्राइव या परफॉर्मेंस वेरिएंट को उपलब्ध नहीं कराया गया है और इससे लगता है कि टेस्ला का ध्यान फिलहाल एक साधारण, असरदार और थोड़ी कम कीमत वाली इलेक्ट्रिक SUV देने पर है, जो ज्यादा लोगों के बजट में आ सके।

टेस्ला मॉडल Y, एंट्री-लेवल लक्ज़री इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ-साथ किआ EV6 और हुंडई आयोनिक 5 जैसी प्रीमियम इलेक्ट्रिक कारों से सीधा मुकाबला करती है। मॉडल Y RWD में 60 kWh लिथियम आयरन फॉस्फेट (LFP) बैटरी का इस्तेमाल किया गया है, जबकि लॉन्ग रेंज वेरिएंट में 75 kWh निकल मैंगनीज कोबाल्ट (NMC) बैटरी है।
इसकी फ़ास्ट चार्जिंग क्षमता 250 kW तक की चार्जिंग को सपोर्ट करेगी, जिससे DC फ़ास्ट चार्जर का इस्तेमाल करने पर 30 मिनट से भी कम समय में 10 से 80 प्रतिशत तक चार्जिंग संभव होगी। टेस्ला के सुपरचार्जर का इस्तेमाल करके सिर्फ़ 15 मिनट में 267 किमी की रेंज मिलेगी। अंदर की तरफ इसमें एक 15.4 इंच की बड़ी सेंट्रल टचस्क्रीन दी गई है, जो गाड़ी के लगभग सभी फंक्शनों को कंट्रोल करती है। इसमें आप नेविगेशन, म्यूजिक/मीडिया, एसी (HVAC), और ड्राइव मोड्स जैसे सभी फीचर्स को आसानी से चला सकते हैं।

वॉयस कमांड, ओवर-द-एयर (OTA) सॉफ़्टवेयर अपडेट और टेस्ला ऐप के ज़रिए स्मार्टफ़ोन की एक्सेस जैसी सुविधाएँ समर्थित हैं। इसमें कोई पारंपरिक इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर या हेड-अप डिस्प्ले नहीं है। पूरी तरह से ग्लास-रूफ, दो वायरलेस चार्जर, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, 7 एयरबैग, 360-डिग्री सराउंड कैमरा और प्रीमियम अपहोल्स्ट्री स्टैण्डर्ड हैं। साथ ही इसमें आगे और पीछे की तरफ़ बड़ी बूट स्टोरेज मिलती है।
यह SUV 6 एक्सटीरियर पेंट विकल्पों में उपलब्ध है। अंदर, पीछे की सीट पर बैठने वालों को आठ इंच का डिस्प्ले मिलता है जो वाहन के विभिन्न कार्यों तक पहुँच प्रदान करता है। इसके फीचर्स में लेन-कीपिंग असिस्ट, अडेप्टिव क्रूज़ कंट्रोल, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग, ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटरिंग और फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग जैसे प्रमुख ड्राइवर सहायता सिस्टम भी शामिल हैं।