Tesla Model Y L AWD 6-सीटर एसयूवी भारत में हुई लॉन्च, 681 किमी की रेंज

Tesla Model Y L में ड्यूल-मोटर ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) सेटअप दिया गया है और इसकी टॉप स्पीड 201 Kmph की है

Tesla ने भारत में Model Y का लॉन्ग-व्हीलबेस 6-सीटर वर्जन लॉन्च कर दिया है और यह नया मॉडल कंपनी के मौजूदा लाइनअप में रेगुलर Model Y के साथ शामिल हुआ है। Model Y L Premium (ऑल-व्हील ड्राइव) की शुरुआती कीमत 61.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है और इसकी WLTP रेंज एक बार चार्ज करने पर 681 किमी तक बताई गई है।

Tesla Model Y L की परफॉर्मेंस काफी दमदार है। इसमें ड्यूल-मोटर ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम मिलता है, जिससे यह 0 से 100 किमी/घंटा की स्पीड सिर्फ 5 सेकंड में पकड़ लेती है। इसकी टॉप स्पीड 201 किमी/घंटा है। इस कार में Stealth Grey रंग, 19-इंच के अलॉय व्हील्स और अंदर से ब्लैक थीम वाला इंटीरियर दिया गया है।

Tesla Model Y L का “L” मतलब इसका बड़ा (लॉन्ग) वर्जन है। इसमें तीन रो और छह सीटें मिलती हैं, जिससे यह बड़ी फैमिली के लिए ज्यादा उपयोगी बन जाती है। इसमें 2,539 लीटर का बड़ा बूट स्पेस भी दिया गया है। साथ ही, इसमें एडवांस इंफोटेनमेंट सिस्टम और सब्सक्रिप्शन वाले कनेक्टेड फीचर्स भी मिलते हैं।

Tesla-Model-Y-L-Interior-

ग्राहकों को 30 दिनों का प्रीमियम कनेक्टिविटी ट्रायल मिलता है, जिसके बाद बेसिक नेटवर्क और नेविगेशन 8 साल तक इस्तेमाल किया जा सकता है। केबिन में 18+1 स्पीकर वाला प्रीमियम ऑडियो सिस्टम भी दिया गया है। यह इलेक्ट्रिक SUV Tesla के डेडिकेटेड EV प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जिसमें फ्लोर-माउंटेड बैटरी के कारण लो सेंटर ऑफ ग्रेविटी मिलता है।

Tesla Model Y L का साइज काफी बड़ा है और इसकी लंबाई 4,976 मिमी, चौड़ाई 1,982 मिमी और ऊंचाई 1,668 मिमी है। इसका व्हीलबेस 3,040 मिमी है, जो कि स्टैंडर्ड Model Y से लगभग 150 मिमी ज्यादा है। सेफ्टी के लिए इसमें ड्राइवर असिस्ट फीचर्स, कई एयरबैग, स्टेबिलिटी सिस्टम और ओवर-द-एयर (OTA) अपडेट्स दिए गए हैं।

Tesla-Model-Y-L-1-1

सीट्स में हीटिंग फंक्शन, पावर्ड फोल्डिंग और एडजस्टेबल आर्मरेस्ट मिलते हैं। Tesla Model Y L की तीसरी सीट वाली रो में AC वेंट, USB-C पोर्ट, कप रखने की जगह और सीट को 50:50 फोल्ड करने की सुविधा मिलती है। इस कार को बुक करने के लिए 22,200 रुपये का नॉन-रिफंडेबल टोकन देना होगा।