टाटा टियागो इलेक्ट्रिक का भारत में 28 सितंबर 2022 को होगा डेब्यू

tata tiago ev-2

टाटा टियागो इलेक्ट्रिक का भारत में 28 सितंबर 2022 को डेब्यू होगा और लॉन्च होने पर यह भारत की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार बन जाएगी

टाटा मोटर्स ने घोषणा की है कि वह जल्द ही भारत में एक बिल्कुल नए इलेक्ट्रिक वाहन को पेश करेगी। यह कार कंपनी की लोकप्रिय हैचबैक टियागो पर आधारित होगी। यह घरेलू निर्माता 28 सितंबर, 2022 को घरेलू बाजार में टियागो ईवी का डेब्यू करेगी और भारत में इसका कोई प्रत्यक्ष प्रतिद्वंद्वी नहीं होगा। यह आगमन पर ब्रांड की सबसे किफायती शून्य-उत्सर्जन गाड़ी भी बन जाएगी।

खबरों की मानें तो टाटा टियागो ईवी में टिगोर ईवी के साथ कई समानताएं होने की उम्मीद है, जिसे पिछले साल एक बड़ा अपडेट मिला था और अब यह ज़िपट्रॉन तकनीक पर आधारित है। अपडेट प्राप्त करने के बाद से टिगोर इलेक्ट्रिक सेडान की बिक्री सराहनीय रही है।

वहीं टाटा नेक्सन ईवी भी वर्तमान में देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली पैसेंजर इलेक्ट्रिक कार है। इस तरह टियागो ईवी के साथ ब्रांड के इलेक्ट्रिक लाइनअप को भी मजबूती मिलेगी। हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट की मानें तो टाटा अगले साल लॉन्च के लिए हैरियर और पंच के इलेक्ट्रिक वर्जन को भी विकसित कर रही है।

tata tiago ev

टियागो ईवी मूलरूप से टाटा मोटर्स की तीसरी इलेक्ट्रिक पेशकश होगी, लेकिन अभी तक इसके तकनीकी विवरण के बारे में जानकारी उपलब्ध नहीं हैं। इसे रेगूलर टियागो की तुलना में नए कलर स्कीम के साथ कई विजुअल अपडेट मिलेंगे और केबिन को भी रिफ्रेश किया जा सकता है। टाटा टियागो ईवी के एक्सटीरियर में हम ब्लू हाईलाइट के साथ शट-ऑफ फ्रंट ग्रिल की उम्मीद करते हैं।

टाटा टिगोर ईवी वर्तमान में 26 kWh Li-ion बैटरी पैक द्वारा संचालित है, जो एक बार चार्ज करने पर 306 किमी की ड्राइविंग रेंज देता है। हालांकि टियागो ईवी को कीमत के मामले में थोड़ा आक्रामक तरीके से रखने के लिए एक छोटा बैटरी पैक मिल सकता है। वर्तमान में टिगोर ईवी की कीमत 12.50 लाख से लेकर 13.65 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) तक जाती है।

टाटा टियागो ईवी की कीमत लगभग 10 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) होने की उम्मीद है। टाटा ने इससे पहले 2018 ऑटो एक्सपो में टियागो ईवी प्रोटोटाइप का अनावरण किया था और उत्पादन मॉडल में एक बार चार्ज होने पर 300 किमी की रेंज हो सकती है। इसके साथ ही टाटा ने पुष्टि की है कि वह भारत में दस नए इलेक्ट्रिक वाहनों को भी पेश करेगी।