
नवंबर 2024 में टाटा मोटर्स ने 47,063 यूनिट की बिक्री की है, जो पिछले साल की समान अवधि में बेची गई 46,068 यूनिट की तुलना में सालाना आधार पर 2 फीसदी की वृद्धि है
टाटा मोटर्स की कुल बिक्री में मामूली वृद्धि देखी गई और नवंबर 2024 में कुल मिलकर 74,753 यूनिट की बिक्री दर्ज की गई है। जबकि पिछले साल इसी महीने में यह आंकड़ा 74,172 यूनिट का था। यात्री वाहन (पीवी) घरेलू बिक्री (ईवी सहित) के संबंध में, कंपनी ने नवंबर 2024 में 47,063 यूनिट के साथ 2 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि के दौरान 46,068 यूनिट की बिक्री हुई थी।
इलेक्ट्रिक वाहनों सहित डॉमेस्टिक और एक्सपोर्ट की कुल मिलाकर बिक्री 2 फीसदी बढ़कर 47,117 यूनिट तक पहुंच गई, जो नवंबर 2023 में 46,143 यूनिट थी। इसके अतिरिक्त, टाटा मोटर्स ने ईवी सेगमेंट में 5,202 यूनिट की बिक्री के साथ 9 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की है। वहीं नवंबर 2023 में इलेक्ट्रिक कारों की 4,761 यूनिट की बिक्री हुई थी।
टाटा की यात्री वाहन बिक्री काफी हद तक उसकी एसयूवी से संचालित होती है, जिसमें घरेलू बाजार में पंच, नेक्सॉन, कर्व, हैरियर और सफारी जैसे मॉडल शामिल हैं। पंच, नेक्सॉन और कर्व को आंतरिक दहन इंजन (आईसीई) और इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) वेरिएंट में पेश किया गया है। वहीं टाटा मोटर्स 2025 में हैरियर ईवी और सिएरा ईवी लॉन्च करने के लिए तैयार है।
नवंबर 2024 में, ट्रकों और बसों सहित मध्यम और भारी कमर्शियल वाहनों (एमएच और आईसीवी) की घरेलू बिक्री नवंबर 2023 में 12,303 यूनिट से बढ़कर कुल 12,481 यूनिट की रही है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों को कवर करते हुए कुल MH और ICV की बिक्री नवंबर 2024 में 13,230 इकाइयों तक पहुंच गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के दौरान 12,895 यूनिट की थी।
कंपनी के पैसेंजर कैर्रिएर्स सेगमेंट के लिए जबरदस्त प्रतिक्रिया देखी गई। नवंबर 2023 में बेची गई 2,130 यूनिट से नवंबर 2024 में बिक्री 42 फीसदी बढ़कर 3,022 यूनिट की रही। यह कंपनी के एससीवी कार्गो और पिक-अप के लिए 5 फीसदी सालाना गिरावट थी। नवंबर 2023 में बेची गई 11,811 यूनिट से नवंबर 2024 में बिक्री घटकर 11,201 यूनिट रह गई। इससे कुल सीवी घरेलू बिक्री 26,183 यूनिट की रही, जो नवंबर 2023 में बेची गई 26,579 यूनिट की तुलना में 1 फीसदी की गिरावट है।
पिछले महीने निर्यात की गई 1,453 यूनिट के साथ निर्यात भी स्थिर रहा, जो नवंबर 2023 में भेजी गई 1,450 यूनिट से केवल 3 यूनिट ज्यादा है। इस प्रकार कुल कमर्शियल वाहन बिक्री में 1 फीसदी की सालाना गिरावट के साथ 27,636 यूनिट की रही, जो नवंबर 2023 में 28,029 यूनिट की थी।