Tata Sierra को BNCAP क्रैश टेस्ट में मिली 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग

Tata Sierra ने एडल्ट सेफ्टी टेस्ट में 31.14 अंक और बच्चों की सेफ्टी टेस्ट में 44.73 अंक हासिल किए

टाटा सिएरा ने सेफ्टी के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए Bharat New Car Assessment Program (BNCAP) में 5-स्टार रेटिंग प्राप्त की है। भारतीय बाजार में इसकी कीमत 11.49 लाख रुपये से 21.29 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है और यह भारत की सबसे सुरक्षित मिड-साइज SUVs में से एक बन गई है। यह रेटिंग एडल्ट और चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन दोनों पर लागू होती है।

एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में इस एसयूवी ने 32 में से 31.14 अंक हासिल किए हैं, जो 5-स्टार रेटिंग के बराबर है। फ्रंटल ऑफसेट डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में इसे 16 में से 15.14 अंक मिले, जबकि साइड मूवेबल डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में पूरे 16 अंक हासिल हुए। फ्रंटल टेस्ट में 0.86 अंक इसलिए कटे क्योंकि ड्राइवर और फ्रंट पैसेंजर के कुछ हिस्सों को ‘गुड’ की बजाय ‘एडिक्वेट’ सुरक्षा मिली। वहीं साइड पोल इम्पैक्ट टेस्ट में इसे ‘OK’ रेटिंग दी गई है।

चाइल्ड सेफ्टी प्रोटेक्शन में, 18 महीने और 3 साल के बच्चों के डमी के साथ किए गए टेस्ट में इस SUV ने 49 में से 44.73 अंक हासिल किए। 18 महीने वाले डमी को फ्रंटल टेस्ट में 8 में से 7.73 अंक और साइड टेस्ट में पूरे 4 अंक मिले, जबकि 3 साल वाले डमी को दोनों टेस्ट में पूरे अंक मिले। इस तरह डायनामिक स्कोर 24 में से 23.73 रहा। चाइल्ड सीट इंस्टॉलेशन के लिए इसे पूरे 12 अंक मिले, हालांकि व्हीकल असेसमेंट स्कोर 13 में से 9 रहने के कारण कुल स्कोर थोड़ा कम रहा।

Tata Sierra (27)

ये क्रैश टेस्ट Adventure+ और Accomplished+ वेरिएंट्स पर किए गए थे, लेकिन यह रेटिंग पूरी रेंज Smart+, Pure, Pure+, Adventure और Accomplished पर लागू होती है। टाटा मोटर्स इस SUV में स्टैंडर्ड तौर पर 6 एयरबैग, ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP) देता है। इसके अलावा, टॉप वेरिएंट्स में TPMS, 360-डिग्री HD कैमरा, हिल डिसेंट कंट्रोल (HDC) और 13 ADAS फीचर्स जैसे एडवांस सेफ्टी सिस्टम भी दिए गए हैं।

यह एसयूवी बाजार में रेनो डस्टर, हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस, मारुति सुज़ुकी ग्रैंड विटारा, टोयोटा अर्बन क्रूजर Hyryder, होंडा Elevate, स्कोडा Kushaq और Taigun जैसी SUVs से मुकाबला करती है। नई सिएरा को ARGOS प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसमें रेट्रो स्टाइलिंग के साथ आधुनिक डिज़ाइन एलिमेंट्स दिए गए हैं। केबिन में तीन स्क्रीन वाला डैशबोर्ड लेआउट, JBL साउंड सिस्टम के साथ डैशबोर्ड साउंडबार, वायरलेस चार्जिंग, पैनोरैमिक  सनरूफ और पावर्ड टेलगेट जैसे फीचर्स मिलते हैं।

Tata Sierra (26)

इसमें 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है जो 106 पीएस की पावर और 145 Nm का टॉर्क पैदा करता है। वहीं 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन 160 पीएस की पावर और 255 Nm का टॉर्क देता है। इसके अलावा 1.5-लीटर डीजल इंजन भी उपलब्ध है जो 120 पीएस की पावर और 280 Nm तक टॉर्क जनरेट करता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड मैनुअल, 6-स्पीड ऑटोमैटिक और 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक शामिल हैं।