Tata Sierra EV होगी कंपनी की अगली बड़ी पेशकश, 500 किमी की रेंज

टाटा सिएरा EV को आने वाले महीनो में लॉन्च किया जाएगा और बड़े बैटरी पैक के साथ यह इलेक्ट्रिक एसयूवी 500 किमी से ज्यादा की रेंज देने में सक्षम होगी

टाटा मोटर्स ने पिछले कुछ महीनो में कई नए लॉन्च किये हैं, जिनमें सिएरा पेट्रोल और डीजल, नई टाटा पंच, सफारी पेट्रोल और हैरियर पेट्रोल शामिल हैं। वहीं अब कंपनी का अगला बड़ा लॉन्च सिएरा इलेक्ट्रिक होगी और इसकी सबसे बड़ी खासियत बैटरी टेक्नोलॉजी और लंबी रेंज होगी। इसे हरियर EV के बैटरी प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा। इसमें DC फास्ट चार्जिंग और बाय-डायरेक्शनल चार्जिंग (कार से बिजली लेने की सुविधा) भी मिलने की संभावना है।

वर्तमान में हैरियर इलेक्ट्रिक एसयूवी दो बैटरी विकल्पों के साथ उपलब्ध है, जिनमें एक 65 kWH और एक बड़ा 75 kWH बैटरी पैक शामिल है। हैरियर ईवी के रियर-व्हील ड्राइव वेरिएंट में 238 पीएस की पावर और 315 एनएम के पीक टॉर्क वाला परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस मोटर लगा है। ऑल-व्हील ड्राइव विकल्प चुनने वालों के लिए, टाटा ने फ्रंट-माउंटेड इंडक्शन मोटर के साथ रियर पीएमएस यूनिट दी है। यह ड्यूल-मोटर सिस्टम मिलकर 504 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है।

टाटा पहले ही 2026 के लिए तीन नई इलेक्ट्रिक कारों की पुष्टि कर चुकी है, जिनमें पंच EV फेसलिफ्ट और अविन्या प्लेटफॉर्म पर आधारित पहला प्रोडक्शन मॉडल शामिल है। कर्व EV से ऊपर पोजिशन की जाने वाली सिएरा EV उन ग्राहकों को टारगेट करेगी जो एक प्रीमियम मिडसाइज 5-सीटर SUV चाहते हैं। इसका डिजाइन पुराने सिएरा और नए ICE सिएरा से प्रेरित होगा।

New Tata Sierra

इंटीरियर की बात करें तो सिएरा EV को टाटा की अब तक की सबसे एडवांस डिजिटल कारों में से एक बनाया जाएगा। इसमें तीन स्क्रीन वाला डैशबोर्ड मिलेगा, जिसमें ड्राइवर डिस्प्ले, टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट और सामने बैठे यात्री के लिए अलग स्क्रीन शामिल होगी। बेस वेरिएंट से ही इसमें कई फीचर्स दिए जाने की उम्मीद है। टॉप वेरिएंट्स में लेवल-2 ADAS, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, पावर्ड फ्रंट सीट्स, एम्बिएंट लाइटिंग और प्रीमियम साउंड सिस्टम मिलेगा।

इसके अलावा पैनोरैमिक ग्लास रूफ और बेहतर इंटीरियर मटीरियल भी दिए जाने की संभावना है। डिजाइन में सिएरा EV का सीधा और बॉक्सी लुक बरकरार रहेगा, लेकिन इसमें EV से जुड़े कुछ नए बदलाव होंगे। इसमें बंद फ्रंट ग्रिल, फुल-विथ LED DRL स्ट्रिप, स्प्लिट हेडलैंप्स, नए बंपर, चौड़े व्हील आर्च, नए अलॉय व्हील्स और पीछे की तरफ कनेक्टेड LED टेललाइट देखने को मिल सकती है।

Tata Sierra (10)

भारत में इसकी कई टेस्टिंग गाड़ियां सड़कों पर देखी जा चुकी हैं, जिससे साफ है कि टाटा अब डेवलपमेंट स्टेज से आगे बढ़ चुकी है। कुछ हफ्ते पहले कंपनी ने इसका टीज़र भी दिखाया था, जिससे इसके जल्द लॉन्च होने के संकेत मिलते हैं।