
टाटा सिएरा इलेक्ट्रिक में हैरियर ईवी के समान दो बैटरी पैक मिलने की संभावना है और बड़ा बैटरी पैक 500 किमी की रेंज देने में सक्षम होगा
टाटा मोटर्स ने पुष्टि की है कि टाटा सिएरा इलेक्ट्रिक को वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल से जून 2026) के बीच भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाएगा। इस एसयूवी फिलहाल सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान कई बार देखा जा चुका है। कंपनी की इलेक्ट्रिक लाइनअप में इसे टाटा Curvv EV से ऊपर, ज्यादा प्रीमियम पोजिशनिंग के साथ रखा जाएगा।
सिएरा ईवी उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर लाई जा रही है जो दमदार रोड प्रेजेंस, प्रीमियम केबिन और लंबी ड्राइविंग रेंज वाली मिडसाइज एसयूवी चाहते हैं। इसमें सिंगल-मोटर रियर-व्हील ड्राइव और डुअल-मोटर ऑल-व्हील ड्राइव दोनों विकल्प मिल सकते हैं। यह टाटा के Acti.ev+ स्केटबोर्ड प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी, जो खासतौर पर इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए विकसित किया गया है और आने वाले कई मॉडलों में इस्तेमाल होगा।
यह एसयूवी कई कंपोनेंट्स टाटा Harrier EV के साथ साझा कर सकती है। इसमें 55 kWh बैटरी पैक (जो कर्व ईवी जैसा होगा) और 65 kWh का बड़ा बैटरी पैक (हैरियर ईवी से लिया गया) मिलने की संभावना है। बड़े बैटरी पैक के साथ एक बार चार्ज करने पर 500 किमी से ज्यादा की रियल-वर्ल्ड रेंज मिल सकती है। इसमें DC फास्ट चार्जिंग, व्हीकल-टू-लोड (V2L) और बाय-डायरेक्शनल चार्जिंग जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।

डिजाइन की बात करें तो इसका सीधा और बॉक्सी लुक पुराने सिएरा मॉडल की याद दिलाता है, लेकिन ईवी वर्जन में बंद ग्रिल, फुल-विड्थ एलईडी डीआरएल, स्प्लिट हेडलैंप, नए डिजाइन के अलॉय व्हील, फ्लश डोर हैंडल, मजबूत व्हील आर्च और कनेक्टेड एलईडी लाइट बार दिए जाएंगे।
इंटीरियर में टाटा मोटर्स तीन स्क्रीन लेआउट देगा, जिसमें डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, बड़ी इंफोटेनमेंट स्क्रीन और आगे बैठे यात्री के लिए अलग स्क्रीन शामिल होगी। बेस वेरिएंट भी फीचर्स से भरपूर हो सकता है, जबकि टॉप वेरिएंट में लेवल 2 ADAS, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, पावर्ड फ्रंट सीट्स, एम्बिएंट लाइटिंग, 360 डिग्री कैमरा और ड्यूल-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स मिल सकते हैं।

हाल ही में टाटा ने अपडेटेड टाटा Punch EV को लॉन्च किया है, जबकि टाटा Avinya पर आधारित पहला प्रोडक्शन मॉडल भी इस साल के अंत से पहले आने की उम्मीद है, जिससे कंपनी की इलेक्ट्रिक गाड़ियों की रेंज और मजबूत होगी।