
Tata Sierra EV में 65 kWh और 75 kWh बैटरी पैक विकल्प मिलने की उम्मीद है और इसके साथ बाय-डायरेक्शनल चार्जिंग जैसी एडवांस तकनीक भी दी जा सकती है
टाटा मोटर्स ने 30 जून को होने वाली लॉन्चिंग से पहले Sierra EV का एक और टीज़र जारी किया है। इस नए वीडियो में कंपनी ने पुष्टि कर दी है कि इलेक्ट्रिक SUV का डुअल-मोटर ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) वर्जन भी उपलब्ध होगा। टीज़र में SUV पर लगा “QWD Dual Motor” बैज साफ दिखाई देता है, जिससे पता चलता है कि नई Sierra EV कई वेरिएंट्स में पेश की जाएगी।
टीज़र में Sierra EV को रेतीले रास्तों पर चलते हुए दिखाया गया है, जिससे पता चलता है कि इसका AWD सिस्टम खराब रास्तों पर भी अच्छी पकड़ बनाए रख सकता है। SUV के पीछे फुल-लेंथ LED टेललाइट, बड़ा टेलगेट, ब्लैक ग्लास, रूफ स्पॉइलर, टाटा का लोगो और Sierra.ev बैज देखने को मिलता है।
व्हील्स की बात करें तो इसमें ड्यूल-टोन एयरो-स्टाइल अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जिन पर Michelin टायर्स लगे हैं। इसके अलावा मोटी बॉडी क्लैडिंग और चौकोर व्हील आर्च इसे मजबूत और दमदार SUV लुक देते हैं। वीडियो में ऊंची विंडो लाइन, रूफ रेल्स, मजबूत शोल्डर लाइन और सीधा-सादा रियर डिजाइन भी नजर आता है।

इससे पहले जारी किए गए टीज़र में Sierra EV का फ्रंट डिजाइन सामने आया था। इसमें पूरी चौड़ाई में फैली LED DRL स्ट्रिप, नीचे की तरफ LED हेडलैंप्स और बंद फ्रंट ग्रिल दी गई है। वहीं, दोनों किनारों पर वर्टिकल लाइटिंग एलिमेंट्स भी मौजूद हैं। साथ ही यह पेट्रोल और डीजल सिएरा से जुड़ी पहचान बनाए रखती है।
टाटा मोटर्स ने अभी तक बैटरी पैक से जुड़ी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि, उम्मीद है कि इसमें Harrier EV वाले 65 kWh और 75 kWh बैटरी पैक दिए जा सकते हैं। एक बार चार्ज करने पर इसकी रेंज 500 किमी से ज्यादा होने की उम्मीद है। साथ ही इसमें DC फास्ट चार्जिंग और बाय-डायरेक्शनल चार्जिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं भी मिल सकती हैं।

फीचर्स की बात करें तो Sierra EV में ट्रिपल-स्क्रीन डैशबोर्ड, JBL ऑडियो सिस्टम, Dolby Atmos, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, पैनोरमिक सनरूफ, हेड-अप डिस्प्ले, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक, पावर्ड टेलगेट और लेवल-2 ADAS जैसे फीचर्स भी मिलेंगे। लॉन्च होने के बाद इसका मुकाबला हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक, महिंद्रा BE 6, मारुति सुजुकी e Vitara, Kia Carens Clavis EV, MG ZS EV और Toyota Urban Cruiser Ebella जैसी इलेक्ट्रिक SUVs से होगा।