
Tata Sierra EV में दो बैटरी पैक विकल्प मिलने की उम्मीद है और एक बार चार्ज करने पर इसकी रेंज 500 किमी से ज्यादा हो सकती है
टाटा मोटर्स 30 जून को भारत में Sierra EV को लॉन्च करने जा रही है। इसके साथ ही Sierra नाम पहली बार कंपनी की इलेक्ट्रिक व्हीकल लाइनअप का हिस्सा बनेगा। लॉन्च के बाद यह भारत में बिकने वाली टाटा की सातवीं इलेक्ट्रिक कार होगी और इसे Harrier EV से नीचे पोजिशन किया जाएगा।
हालांकि कंपनी ने अभी तक बैटरी, पावर आउटपुट, चार्जिंग क्षमता और रेंज से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें Curvv EV या Harrier EV से जुड़े इलेक्ट्रिक पावरट्रेन का इस्तेमाल किया जा सकता है। लॉन्च के बाद टाटा सिएरा EV का मुकाबला हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक, महिंद्रा BE 6, मारुति सुजुकी e Vitara, किआ कैरेंस Clavis EV, MG ZS EV और टोयोटा अर्बन क्रूजर Ebella जैसी इलेक्ट्रिक SUVs से होगा।
टाटा द्वारा जारी किए गए नए टीज़र में Sierra EV का फ्रंट डिजाइन दिखाया गया है। इसमें पूरी चौड़ाई में फैली LED DRL स्ट्रिप, नीचे की ओर LED हेडलैंप्स और बंद ग्रिल डिजाइन देखने को मिलता है, जो इसे पेट्रोल-डीजल वर्जन से अलग पहचान देता है। इसके अलावा वर्टिकल लाइटिंग एलिमेंट्स और क्लैमशेल बोनट भी दिए गए हैं, जो Sierra की पहचान का हिस्सा हैं।

सिएरा EV का केबिन काफी आधुनिक होगा और इसमें तीन स्क्रीन वाला डैशबोर्ड, JBL ऑडियो सिस्टम, Dolby Atmos सपोर्ट, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, पैनोरैमिक सनरूफ, हेड-अप डिस्प्ले, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक और पावर्ड टेलगेट जैसे फीचर्स मिलेंगे। सुरक्षा के लिए इसमें लेवल-2 ADAS, ऑटोमैटिक हेडलैंप्स, रेन-सेंसिंग वाइपर्स समेत कई एडवांस फीचर्स दिए जा सकते हैं।
माना जा रहा है कि Sierra EV में Harrier EV वाले 65 kWh और 75 kWh बैटरी पैक का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके साथ रियर-व्हील ड्राइव (RWD) और डुअल-मोटर ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) विकल्प भी मिल सकते हैं। एक बार चार्ज करने पर इसकी रेंज 500 किमी से ज्यादा हो सकती है।

इसके अलावा इसमें DC फास्ट चार्जिंग और बाय-डायरेक्शनल चार्जिंग जैसी आधुनिक तकनीकें भी मिलने की संभावना है। हाल ही में टाटा मोटर्स Tiago के पेट्रोल, CNG और इलेक्ट्रिक वर्जन को अपडेट कर चुकी है और इससे पहले Punch तथा Punch EV के फेसलिफ्ट मॉडल भी लॉन्च किए गए थे।