टाटा मोटर्स के MD और CEO शैलेश चंद्रा ने बताया है कि Sierra EV को जुलाई से सितंबर 2026 के बीच भारत में लॉन्च किया जाएगा
टाटा मोटर्स ने पुष्टि की है कि Sierra EV को FY2026-27 की दूसरी तिमाही में लॉन्च किया जाएगा। यानी यह इलेक्ट्रिक एसयूवी जुलाई से सितंबर 2026 के बीच भारतीय बाजार में दस्तक दे सकती है। पिछले कई महीनों से इसकी टेस्टिंग चल रही थी और अब इसकी लॉन्च डेट को लेकर तस्वीर साफ हो गई है।
टाटा Sierra EV कंपनी की इलेक्ट्रिक लाइनअप में Curvv EV से ऊपर और मौजूदा फ्लैगशिप Harrier EV से नीचे पोजिशन की जाएगी। यह Acti.ev+ प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी और Harrier EV के कई प्रमुख कंपोनेंट्स भी साझा करेगी, जिसे ग्राहकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।
इस इलेक्ट्रिक SUV में दो बैटरी पैक विकल्प मिलने की उम्मीद है, जिनमें एक 55 kWh बैटरी पैक होगा जो Curvv EV से लिया जा सकता है और दूसरा बड़ा 65 kWh बैटरी पैक होगा। बड़ी बैटरी के साथ Sierra EV एक बार चार्ज करने पर 500 किलोमीटर से ज्यादा की रियल-वर्ल्ड रेंज दे सकती है। इसमें सिंगल-मोटर रियर-व्हील-ड्राइव और डुअल-मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव दोनों विकल्प मिल सकते हैं।

इसके अलावा, Sierra EV DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करेगी और इसमें V2L (Vehicle-to-Load) तथा V2V (Vehicle-to-Vehicle) जैसी बाय-डायरेक्शनल चार्जिंग टेक्नोलॉजी भी दी जा सकती है। केबिन में 12.3-इंच की तीन स्क्रीन वाला लेआउट देखने को मिलेगा। इसमें 12.3-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 12.3-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 12.3-इंच फ्रंट पैसेंजर डिस्प्ले शामिल होंगे।
इसके साथ OTA अपडेट्स और कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी भी दी जाएगी। अन्य फीचर्स की बात करें तो टाटा सिएरा EV में लेवल 2 ADAS, 360-डिग्री कैमरा, पावर्ड फ्रंट सीट्स और ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है। कीमत की बात करें तो इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 17.5 लाख रुपये हो सकती है।

इस कीमत पर यह मारुती सुजुकी e Vitara, हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक और महिंद्रा XEV 9e जैसी इलेक्ट्रिक SUVs को टक्कर देगी। डिजाइन की बात करें तो सिएरा EV का एक्सटीरियर इसके पेट्रोल/डीजल मॉडल से थोड़ा अलग होगा। इसमें बंद फ्रंट ग्रिल और कुछ EV-विशेष बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जबकि केबिन लेआउट और फीचर लिस्ट काफी हद तक समान रहने की उम्मीद है।