नई Tata Sierra में 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलता है जो 160 पीएस की पावर और 255 एनएम का टॉर्क देता है, और यह 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ आता है
टाटा मोटर्स ने बताया है कि नई सिएरा ने 12 घंटे में सबसे ज्यादा माइलेज देकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में जगह बना ली है। इंदौर के NATRAX टेस्ट ट्रैक पर हुए इस परीक्षण में सिएरा ने 29.9 किमी प्रति लीटर का शानदार माइलेज हासिल किया है, जिसने पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
इस लगातार ड्राइव को 30 नवंबर 2025 को Pixel Motion टीम ने किया। उन्होंने सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक गाड़ी चलाए रखी, सिर्फ ड्राइवर बदलने के लिए छोटे-छोटे निर्धारित ब्रेक लिए गए थे। अधिकारियों ने उसी दिन रिकॉर्ड को मान्य किया। टेस्ट ड्राइव में इस्तेमाल की गई गाड़ी में टाटा मोटर्स का नया 1.5-लीटर Hyperion टर्बो पेट्रोल इंजन था।
कंपनी का कहना है कि इस इंजन को पहले से ज्यादा माइलेज देने के लिए बनाया गया है, लेकिन फिर भी इसकी स्मूदनेस, चलाने में आसान होने की क्षमता और पावर में कोई कमी नहीं आती है। इसके इंजन की दहन प्रक्रिया को अच्छी तरह सेट किया गया है, टॉर्क भी अच्छी रेंज में मिलता है और इंजन के अंदर घर्षण कम किया गया है। इसी वजह से सिएरा ने पूरे 12 घंटे की ड्राइव में लगातार बढ़िया प्रदर्शन किया।

यह रिकॉर्ड सिर्फ माइलेज तक ही सीमित नहीं था। उसी टेस्ट ट्रैक पर किए गए एक अलग परीक्षण में सिएरा ने नियंत्रित परिस्थितियों में 222 किमी/घंटा की टॉप स्पीड हासिल की थी। जो टाटा के हाइपेरियन इंजन की पावर और क्षमता को साफ दिखाती है। टाटा मोटर्स ने साफ कहा है कि ग्राहक की सुरक्षा के लिए उनके वाहनों की टॉप स्पीड इलेक्ट्रॉनिक रूप से 190 किमी/घंटा तक सीमित रहेगी।
कंपनी ने बताया कि माइलेज और टॉप स्पीड के ये टेस्ट सिर्फ ट्रेनिंग प्राप्त प्रोफेशनल ड्राइवरों ने खास तरह की सुरक्षित और कंट्रोल्ड जगहों पर किए हैं। इसलिए आम लोगों को ऐसी तेज़ ड्राइविंग या उसी तरह ड्राइव करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, क्योंकि यह खतरनाक हो सकता है।

नई मिडसाइज़ एसयूवी में 1.5 लीटर का नैचुरल पेट्रोल इंजन और 1.5 लीटर का डीजल इंजन भी दिया गया है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड मैनुअल, 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक और 7-स्पीड डुअल क्लच ऑटोमैटिक यूनिट शामिल हैं। नई सिएरा ने भारत NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार रेटिंग हासिल की है और यह मॉड्यूलर ARGOS प्लेटफॉर्म पर आधारित है। इसकी शुरुआती कीमत 11.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।