टाटा मोटर्स ने मई 2021 में कुल मिलाकर 24,552 यूनिट की बिक्री की है, जो कि सालाना आधार पर 456 प्रतिशत की वृद्धि है, मई 2020 में यह आंकड़ा 4,418 यूनिट का था
टाटा मोटर्स ने मई 2021 के महीने में कुल मिलाकर 24,552 यूनिट की बिक्री की है, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह आंकड़ा 4,418 यूनिट का था, जो कि घरेलू बाजार में कंपनी की बिक्री में सालाना आधार पर 456 प्रतिशत की वृद्धि है। हालांकि कंपनी ने अप्रैल 2021 में 39,530 यूनिट की बिक्री की थी, जो कि मासिक आधार पर 38 प्रतिशत की गिरावट है।
मई 20201 में टाटा मोटर्स के पैसेंजर वाहन विभाग ने कुल मिलाकर 15,181 यूनिट की बिक्री की है, जबकि मई 2020 में यह आंकड़ा केवल 3,152 यूनिट का था। इस तरह सालाना आधार पर टाटा कारों की बिक्री में 382 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। हालाँकि अप्रैल 2021 में य़ह आंकड़ा 25,095 यूनिट का था, जो कि मासिक आधार पर 40 प्रतिशत की गिरावट है।
अपनी इस बिक्री के साथ टाटा मोटर्स मई 2021 में मारुति सुजुकी और हुंडई के बाद भारत की तीसरी सबसे ज्यादा बिक्री करने वाली कार कंपनी बनकर उभरी है और कंपनी ने 14.7 प्रतिशत की बाजार हिस्सेदारी हासिल की है। यहाँ ध्यान देने वाली बात यह है कि इस घरेलू ऑटो प्रमुख ने मई 2020 में केवल 8.6 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल की थी।

इस साल की शुरुआत में टाटा ने अपनी प्रमुख एसयूवी टाटा सफारी को भारत में लॉन्च किया था। यह तीन पंक्ति वाली एसयूवी देश में अच्छा प्रदर्शन कर रही है और इसका मुकाबला मूलरूप से एमजी हेक्टर प्लस और महिंद्रा एक्सयूवी500 जैसी कारों से है। जल्द ही इस सेगमेंट में हुंडई की अलकेजर का भी नाम जुड़ने जा रहा है, जो कि 2.0-लीटर पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन द्वारा संचालित होगी।
उम्मीद है कि टाटा मोटर्स भी इस साल के अंत में एबीएक्स कॉन्सेप्ट पर आधारित एक नई माइक्रो एसयूवी को भारत में लॉन्च करेगी। इस कार को कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जो कि हॉर्नबिल के नाम से लॉन्च हो सकती है। भारत में लॉन्च होने के बाद इस कार का मुकाबला महिंद्रा केयूवी एनएक्सटी और मारुति सुजुकी इग्निस जैसी कारों से होगा और इसे पावर देने के लिए 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन मिल सकता है, जो कि पाँच-स्पीड मैनुअल और पाँच-स्पीड एएमटी ट्रांसमिशन के साथ जुड़ा होगा।

बता दें कि कंपनी को एचबीएक्स के साथ अच्छी बिक्री की उम्मीद होगी। आगामी हॉर्नबिल कंपनी के ALFA (एजाइल लाइट फ्लेक्सिबल एडवांस्ड) प्लेटफॉर्म पर आधारित दूसरा मॉडल होगा, क्योंकि इसके पहले इस प्लेटफार्म पर विकसित हुई अल्ट्रोज़ भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध है।