टाटा मोटर्स ने सफारी एक्सजेड प्लस एडवेंचर और एक्सजेडए प्लस एडवेंचर वेरिएंट की पहली और दूसरी पंक्ति में वेंटिलेटेड सीटों को जोड़ा है
टाटा मोटर्स ने हाल ही में भारतीय बाजार में अपनी सफारी एसयूवी के डॉर्क एडिशन को लॉन्च किया था, जो कि एक्सटी प्लस, एक्सटीए प्लस, एक्सजेड प्लस और एक्सजेडए वेरिएंट पर आधारित है, जिसकी कीमत 19.06 लाख रुपए से लेकर 22.51 लाख रुपए (दोनों कीमतें, एक्स-शोरूम) रखी गई है। अब टाटा मोटर्स ने अपनी पेशकश को और भी खास बनाने के लिए इसके कुछ वेरिएंट को अपडेट किया है।
दरअसल टाटा मोटर्स ने सफारी एक्सजेड प्लस एडवेंचर और एक्सजेडए प्लस एडवेंचर वेरिएंट की पहली और दूसरी पंक्ति में ज्यादा आराम के लिए वेंटिलेटेड सीटों को जोड़ा है। हालाँकि दूसरी पंक्ति की वेंटिलेटेड सीटें केवल 6-सीटर वर्जन में उपलब्ध हैं। इसके अलावा सफारी में टाटा मोटर्स की ओर से अन्य कोई बदलाव नहीं किया गया है।
बता दें कि सफारी खरीददारों के लिए कुल मिलाकर 7 वेरिएंट में उपलब्ध है, जिसमें एक्सई, एक्सएम, एक्सटी, एक्सटी+, एक्सजेड, एक्सजेड+ और एक्सजेड+ गोल्ड एडिशन शामिल है। कीमत की बात करें तो यह बेस एक्सई वेरिएंट 14.99 लाख रुपए से शुरू होती है, जो कि टॉप एक्सजेडए+ गोल्ड 6-सीटर वेरिएंट के लिए 23.19 लाख रूपए (एक्स-शोरूम) तक जाती है।
फीचर्स के रूप में इस एसयूवी को एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कारप्ले के साथ टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल, रेन-सेंसिंग वाइपर और एलईडी हेडलैंप आदि मिलते हैं, जबकि इसके XZ+ और XZA+ वेरिएंट को विशेष तौर पर रेन-सेंसिंग और एंटी-पिंच फंक्शन के साथ पैनोरेमिक सनरूफ मिलता है।
भारत में टाटा सफारी को पावर देने के लिए 2.0-लीटर, टर्बोचार्ज्ड डीजल इंजन दिया गया है, जो कि 170 पीएस की पावर और 350 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन और 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक शामिल हैं। खबरों की मानें तो टाटा मोटर्स सफारी और हैरियर लाइनअप में एक नए पेट्रोल इंजन को भी जोड़ सकती है।
बता दें कि टाटा मोटर्स ने भारत में सफारी को पिछले साल फरवरी 2021 में लॉन्च किया था और इसे देश में काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। यह कार मूलरूप से टाटा हैरियर का तीन पंक्ति वाला एडिशन है, जो 6-सीटर और 7-सीटर विकल्प में आता है। भारत में टाटा सफारी का मुकाबला महिंद्रा एक्सयूवी700, हुंडई अलकाजार और एमजी हेक्टर प्लस जैसी कारों से है।