टाटा सफारी एसयूवी को मिला सॉफ्टवेयर अपडेट, जुड़े नए फीचर्स

टाटा मोटर्स ने सफारी के लिए एक सॉफ्टवेयर अपडेट जारी किया है जिसमें वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कारप्ले सहित कुछ उपयोगी विशेषताएं शामिल हैं

टाटा मोटर्स ने फरवरी 2021 में अपनी प्रमुख एसयूवी सफारी को लॉन्च किया था, जो कि वर्तमान में हैरियर के साथ मिलकर अपने सेगमेंट का नेतृत्व कर रही है। इन दोनों एसयूवी को मिलाकर हर महीने करीब 4,800 यूनिट की बिक्री होती है, जबकि इसकी तुलना में हेक्टर ट्विन्स की बिक्री लगभग 3,500 यूनिट होती है, तो वहीं महिंद्रा एक्सयूवी700 की पिछले महीने 3,500 यूनिट डिलीवर की गई है।टाटा मोटर्स ने अब अपनी इस पेशकश को और भी आकर्षक बनाने के लिए सफारी एसयूवी को अपडेट किया है, जिसके तहत सफारी में कुछ नए फीचर्स जुड़ गए हैं।

एसयूवी को मिले फीचर्स में सबसे प्रमुख वायरलेस चार्जिंग है, जो कि प्रीमियम स्मार्टफोन को बिना केबल के चार्ज करने की अनुमति देता है। चार्जिंग पैड को सेंटर कंसोल में गियर शिफ्टर के आगे क्यूब होल में रखा गया है। टाटा मोटर्स ने सफारी के इंफोटेनमेंट सिस्टम को भी एक महत्वपूर्ण सॉफ्टवेयर अपडेट दिया है और यह अब एक कनेक्टिविटी विकल्प के रूप में वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो के साथ आता है। एसयूवी के अन्य महत्वपूर्ण अपडेट में अतिरिक्त वाईफाई कनेक्टिविटी है, जिसके माध्यम से फोन और लैपटॉप में इंटरनेट का इस्तेमाल किया जा सकता है।

इंफोटेनमेंट डिस्प्ले केबिन के एंबिएंट लाइट व एयर इंडेक्स क्वालिटी (AQI) रेटिंग को भी दर्शाता है, जबकि एक्यूआई को बेहतर बनाने के लिए सफारी में एयर प्यूरीफायर भी लगाया गया है। हालाँकि अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि ये अतिरिक्त सुविधाएं प्रीमियम कीमत पर आती हैं या नहीं, लेकिन उम्मीद है कि इसकी जानकारी जल्द ही कंपनी आधिकारिक तौर पर देगी।Tata Safari-2फीचर्स की बात करें तो सफारी को एंड्रॉइड ऑटो और ऐप्पल कारप्ले के साथ 8.8-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 9-स्पीकर जेबीएल साउंड सिस्टम, 6-वे पावर्ड ड्राइवर सीट, पैनोरैमिक सनरूफ और इन-बिल्ट आईआरए कनेक्टेड कार टेक जैसे फीचर्स मिलते हैं। कार की उल्लेखनीय विशेषताओं में डुअल-ज़ोन क्लाइमेट कंट्रोल, क्रूज़ कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग और मूड लाइटिंग शामिल हैं।

सफारी में यात्रियों की सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा गया है और इसमें 6-एयरबैग, रोलओवर मिटिगेशन, ट्रैक्शन कंट्रोल, कॉर्नरिंग स्टेबिलिटी कंट्रोल, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, ऑटो होल्ड के साथ इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक और चारों व्हील को डिस्क ब्रेक दिया गया है। एसयूवी के केबिन में डुअल-टोन थीम है, जो कि प्रीमियम लेदर अपहोल्स्ट्री से सजी है।Tata-safariटाटा सफारी में 2.0-लीटर, क्रायोटेक डीजल इंजन का इस्तेमाल किया गया है, जो कि 168 बीएचपी की पावर और 350 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है। ट्रांसमिशन विकल्पों में 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और 6-स्पीड ऑटोमैटिक शामिल है। कंपनी निकट भविष्य में सफारी लाइनअप में पेट्रोल इंजन को भी जोड़ सकती है।

वर्तमान में टाटा की इस फ्लैगशिप एसयूवी को एक्सई, एक्सएम, एक्सटी, एक्सटी प्लस, एक्सजेड, एक्सजेड प्लस और एक्सजेड प्लस गोल्ड एडिशन के साथ 7 ट्रिम्स में पेश किया गया है। खरीददारों के लिए सफारी 6-सीटर और 7-सीटर दोनों सीटिंग लेआउट में उपलब्ध है। वर्तमान में टाटा सफारी की कीमत 14.99 लाख रूपए से लेकर 23.19 लाख रुपए (एक्स-शोरूम, पैन-इंडिया) तक जाती है।