Tata Punch की रिकॉर्डतोड़ बिक्री, 5 साल से कम समय में 8 लाख यूनिट्स बिकीं

Tata Punch EV

टाटा पंच ने 5 साल से भी कम समय में 8 लाख यूनिट्स की बिक्री हासिल कर कंपनी के नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है

टाटा मोटर्स की लोकप्रिय माइक्रो एसयूवी टाटा पंच ने भारतीय बाजार में एक नया मुकाम हासिल कर लिया है। कंपनी ने घोषणा की है कि पंच की कुल बिक्री 8 लाख यूनिट्स के आंकड़े को पार कर चुकी है। खास बात यह है कि इस उपलब्धि तक पहुंचने में टाटा मोटर्स को 5 साल से भी कम समय लगा है। अक्टूबर 2021 में लॉन्च हुई टाटा पंच शुरुआत से ही ग्राहकों की पसंद बनी हुई है और लगातार शानदार बिक्री दर्ज कर रही है।

टाटा पंच को भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया था। इसका कॉम्पैक्ट साइज भीड़भाड़ वाली सड़कों पर आसान ड्राइविंग का अनुभव देता है, जबकि इसका एसयूवी जैसा दमदार डिजाइन इसे एक प्रीमियम लुक प्रदान करता है। यही वजह है कि टाटा पंच पहली बार कार खरीदने वाले ग्राहकों के साथ-साथ फैमिली खरीदारों के बीच भी काफी लोकप्रिय रही है।

पंच की सफलता के पीछे इसके फीचर्स और सुरक्षा का भी बड़ा योगदान है। इसमें बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, क्रूज़ कंट्रोल, वायरलेस कनेक्टिविटी और कई आधुनिक सुविधाएं मिलती हैं। वहीं, टाटा मोटर्स की मजबूत बिल्ड क्वालिटी और बेहतर सुरक्षा ने भी ग्राहकों का भरोसा जीता है। यही कारण है कि यह अपने सेगमेंट की सबसे पसंदीदा एसयूवी में शामिल है।

New Tata Punch (6)

टाटा पंच की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे अलग-अलग जरूरतों के अनुसार कई पावरट्रेन विकल्पों में पेश किया गया है। इसमें 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है, जिसे 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स के साथ खरीदा जा सकता है। इसका CNG वेरिएंट कंपनी की ट्विन-सिलेंडर iCNG तकनीक के साथ आता है, जिससे बूट स्पेस ज्यादा मिलता है। वहीं, कुछ चुनिंदा वेरिएंट में 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन भी दिया गया है, जो 120 पीएस की पावर देता है। टाटा पंच की कीमत 5.69 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है।

वहीं पंच इलेक्ट्रिक की बात करें तो इसकी शुरुआती कीमत 9.99 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है। ग्राहक इसे 25 kWh और 35 kWh बैटरी पैक के साथ खरीद सकते हैं। यह इलेक्ट्रिक एसयूवी 421 km (MIDC) तक की ड्राइविंग रेंज देती है। साथ ही इसमें फ़ास्ट चार्जिंग, व्हीकल-टू-लोड फ़ंक्शनैलिटी और कई रीजेनरेटिव ब्रेकिंग मोड भी मिलते हैं।

Tata Punch Facelift (6)
Tata Punch ICE

साथ ही टाटा पंच ICE को 5-स्टार ग्लोबल NCAP क्रैश टेस्ट रेटिंग भी मिली, जबकि पंच EV को एडल्ट और बच्चों की सुरक्षा के लिए 5-स्टार भारत NCAP रेटिंग मिली है। इस माइक्रो एसयूवी में छह एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, EBD के साथ ABS, हिल-होल्ड असिस्ट, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, ISOFIX चाइल्ड-सीट एंकर और 360-डिग्री कैमरा सिस्टम जैसे फ़ीचर्स मिलते हैं।