टाटा पंच खरीददारों के लिए प्योर, एडवेंचर, एक्म्पलिश्ड और क्रिएटिव के साथ 4 वेरिएंट में उपलब्ध है और अब इसकी डिलीवरी शुरू कर दी गई है
टाटा मोटर्स ने हाल ही में भारतीय बाजार में अपनी माइक्रो एसयूवी टाटा पंच को लॉन्च किया है, जो कि खरीददारों के लिए प्योर, एडवेंचर, एक्म्पलिश्ड और क्रिएटिव के साथ 4 वेरिएंट में उपलब्ध है। भारत में टाटा पंच की कीमत 5.49 लाख रुपए से लेकर 9.09 लाख (एक्स-शोरूम, नई दिल्ली) रूपए तक रखी गई है। वहीं अब टाटा पंच की डिलीवरी शुरू कर दी गई है।
टाटा पंच मूलरूप से ऑटो एक्सपो 2020 में पेश की गई एबीएक्स कॉन्सेप्ट का उत्पादन वर्जन है और यह ब्रांड के इम्पैक्ट डिज़ाइन 2.0 दर्शन का पालन करती है। इसे एजाइल लाइट फ्लेक्सिबल एडवांस्ड (ALFA) आर्किटेक्चर पर विकसित किया गया है। हाल ही में टाटा पंच का ग्लोबल NCAP क्रैश टेस्ट भी किया गया है और यह भारत की सबसे सुरक्षित कार बनकर उभरी है।
टाटा पंच को क्रैश टेस्ट में 5-स्टार रेटिंग मिली है और इसका मुकाबला महिंद्रा केयूवी एनएक्सटी और मारुति सुजुकी इग्निस के साथ-साथ निसान मैग्नाइट और रेनो काइगर जैसी कारो से भी है। टाटा पंच को सिंगल और डुअल-टोन पेंट स्कीम के साथ पेश किया गया है और इस कार में स्प्लिट हेडलैंप क्लस्टर, एलईडी डेटाइम रनिंग लाइट्स के साथ मॉडर्न फ्रंट फेसिया है।
इसमें क्लैमशेल आकार का बोनट, पिलर माउंटेड रियर डोर हैंडल, स्क्वॉयर-ऑफ व्हील आर्च, रैपराउंड एलईडी टेल लैंप, स्कल्प्टेड बूटलिड शामिल है। फीचर्स के रूप में इसे ऐप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो कनेक्टिविटी के साथ 7-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वैकल्पिक इरा केनेक्टिविटी, 90 डिग्री डोर ओपनिंग, क्रूज कंट्रोल और 16 इंच के अलॉय व्हील आदि मिलते हैं।
टाटा पंच को पावर देने के लिए 1.2-लीटर तीन-सिलेंडर रेवोट्रॉन पेट्रोल इंजन दिया दिया गया है, जो कि 86 एचपी की पावर और 113 न्यूटन मीटर का टॉर्क विकसित करता है। इंजन को स्टैंडर्ड के रूप में 5-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन और 5-स्पीड एएमटी (ट्रैक्शन प्रो मोड के साथ) के साथ जोड़ा गया है। कंपनी कार के साथ बेहतर ऑफ-रोडिंग क्षमता का भी दावा करती है।
टाटा पंच ब्रांड के घरेलू पोर्टफोलियो में नेक्सन कॉम्पैक्ट एसयूवी के नीचे है और इसे देश में काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। खबरों की मानें तो टाटा पंच को आने वाले दिनों में एक नया टर्बो पेट्रोल इंजन विकल्प भी मिल सकता है, जिसे फरवरी या मार्च 2022 में लाया जा सकता है। टर्बो इंजन संभवतः पंच के साथ एक्म्प्लिश्ड और क्रिएटिव वैरिएंट के साथ उपलब्ध हो सकता है।