टाटा नेक्सन XM (S) ट्रिम को 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5-लीटर डीज़ल इंजन मिला है और दोनों ट्रांसमिशन विकल्पों के साथ पेश किया गया है
कुछ दिनों पहले टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने टाटा नेक्सन (Nexon) के एक नए वेरिएंट का टीजर जारी किया था, जिसे लेकर हमारा मानना था कि इस कार में अन्य ट्रिम लेवल की तरह कुछ उल्लेखनीय अपग्रेड की सुविधा मिल सकती है। अब इस घरेलू निर्माता कार निर्माता ने आधिकारिक तौर पर इस वेरिएंट से पर्दा हटा दिया है, जो कि टाटा नेक्सन XM (S) (Tata Nexon XM (S)) है।
इस नए वेरिएंट के पेट्रोल-मैनुअल की कीमत 8.36 लाख (एक्स-शोरूम) रूपए से शुरू है, जबकि डीजल-ऑटोमेटिक की कीमत 10.30 लाख रुपए है। इस ट्रिम को इलेक्ट्रिक सनरूफ प्राप्त होता है। इस कीमत के साथ पेश होने वाला XM (S) ट्रिम सबसे किफायती ट्रिम है, जो इलेक्ट्रिक सनरूफ के साथ पेश किया गया है।
XM ट्रिम के साथ XM (S) एडिशन कई उपकरण अपने रेग्यूलर ट्रिम से साझा करता है, जबकि इसे कई नई सुविधाएं भी प्राप्त हुई है। सेफ्टी में इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, डुअल फ्रंटल एयरबैग, हिल होल्ड कंट्रोल, ईबीडी के साथ एबीएस और रिवर्स पार्किंग सेंसर मिलते हैं।

सनरूफ के अलावा टाटा नेक्सन के इस नए वेरिएंट को ऑटोमैटिक प्रोजेक्टर हैडलैंप्स, रेन सेंसिंग वाइपर्स, स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स, हरमन द्वारा कनेक्टनेक्स्ट इंफोटेनमेंट सिस्टम, मल्टी-ड्राइव मोड्स (ईको, सिटी, स्पोर्ट, आदि) जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
टाटा नेक्सन XM (S) को दो अलग-अलग पावरट्रेन के साथ पेश किया गया है, जिसमें पहला 1.2 -लीटर 3-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल मोटर है, जो 170 एनएम टार्क के साथ 120 पीएस की पावर देता है, जबकि दूसरा 1.5-लीटर डीजल इंजन 110 पीएस की पावर और 260 एनएम का टॉर्क देता है। दोनों इंजनों पर वैकल्पिक रूप से 6-स्पीड एएमटी के साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स जोड़ा गया है।
टाटा मोटर्स अपनी प्रमुख एसयूवी टाटा नेक्सन की बिक्री 6.99 लाख रुपये से शुरू करती है, जो कि 12.7 लाख रुपये (दोनों कीमतें, एक्स-शोरूम) तक जाती है। भारत में इस सब-मीटर-एसयूवी का मुकाबला हुंडई वेन्यू (Hyundai Venue), मारुति सुजुकी विटारा ब्रेज़ा (Maruti Suzuki Vitara Brezza), फोर्ड इकोस्पोर्ट (Ford EcoSport) और महिंद्रा एक्सयूवी 300 से है। आने वाले समय में इसका मुकाबला आगामी किआ सोनट, टोयोटा अर्बन क्रूजर, रेनो काइगर (Renault Kiger) और निसान मैग्नाइट (Nissan Magnite) से होगा।