टाटा नेक्सन ईवी मैक्स के डिजाइन और रेंज का टीज़र हुआ जारी, 11 मई को होगी लॉन्च

tata nexon ev max

टाटा नेक्सन ईवी मैक्स को एक नया 40 kWh की क्षमता वाला बैटरी पैक मिल सकता है, जो एक बार चार्ज होने पर करीब 400 किमी की रेंज देगा और इसे 11 मई को लॉन्च किया जाएगा

वर्तमान में टाटा नेक्सन भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी है और कंपनी देश में इसके इलेक्ट्रिक वर्जन को भी पेश करती है। वर्तमान में टाटा नेक्सन ईवी भी देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली कार है और टाटा मोटर्स समय-समय पर अपनी कारों को फीचर्स और डिजाइन अपडेट देने के लिए जानी जाती है। टाटा मोटर्स जल्द ही नेक्सन ईवी के एक नए वेरिएंट को लॉन्च करने जा रही है, जो इसका लॉन्ग रेंज वेरिएंट है और इसे नेक्सन ईवी मैक्स नाम दिया गया है।

वर्तमान में यह इलेक्ट्रिक कार 30 kWh बैटरी पैक द्वारा संचालित है, जो 127 बीएचपी के पावर वाले इलेक्ट्रिक मोटर के साथ जुड़ा है। यह बैटरी पैक एक बार चार्ज होने पर 312 किमी की रेंज देती है, लेकिन वास्तविक दुनिया में यह 200 से 250 किमी के करीब है। वहीं नेक्सन ईवी मैक्स को 40 kWh की क्षमता वाला बैटरी पैक मिल सकता है, जो 136 बीएचपी वाले इलेक्ट्रिक मोटर से लैस है और एक बार चार्ज होने पर करीब 400 किलोमीटर की रेंज देने में सक्षम होगा।

अब टाटा मोटर्स ने आधिकारिक लॉन्च से पहले नेक्सन ईवी मैक्स का नया टीज़र जारी किया है, जो इस आगामी इलेक्ट्रिक एसयूवी के बारे में ज्यादा जानकारी प्रकट करता है। नए टीज़र के मुताबिक टाटा नेक्सन ईवी मैक्स एक बार चार्ज करने पर मुंबई से पुणे जा सकती है और वहाँ से वापस आ सकती है। इसी तरह का दावा है कि दिल्ली से कुरूक्षेत्र, बैंगलोर से मैसूर, चेन्नई से पोंडी, गांधीनगर से वडोदरा, रांची से धनबाद की यात्रा के लिए भी है। इस तरह यह रेंज लगभग 400 किमी की हो रही है।

कंपनी ने नेक्सन ईवी मैक्स में मौजूदा मॉडल के सिल्हूट को बरकरार रखा है, लेकिन स्टाइल में कुछ बदलाव किए जाएंगे। इसे स्टैण्डर्ड ईवी से अलग करने के लिए एक नया बैज भी मिलेगा, जबकि फ्रंट, रियर और वेस्टलाइन में ब्लू हाइलाइट्स बरकरार रखा जाएगा। इसके हेडलाइट्स और टेल लाइट्स मौजूदा मॉडल के समान हैं।

टाटा नेक्सन ईवी मैक्स में अब ज्यादा स्टाइलिश और आकर्षक 5-स्पोक अलॉय व्हील मिलते हैं। रेगुलर मॉडल में जहाँ रियर में ड्रम ब्रेक मिलते हैं, वहीं नए मॉडल में रियर में डिस्क ब्रेक मिलते हैं। जबकि केबिन में ओवरऑल थीम वही है, लेकिन इसे पार्क मोड के साथ इल्यूमिनेटेड गियर सिलेक्टर रोटरी नॉब मिलता है। नई कार में क्रूज कंट्रोल, हिल होल्ड, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, लेदर अपहोल्स्ट्री, एयर प्यूरीफायर और ESP जैसे कई नए फीचर्स भी मिलने की उम्मीद हैं।

इसमें सिलेक्टेबल रीजनरेटिव ब्रेकिंग मिलेगी, जो नई बड़ी बैटरी के साथ ज्यादा रेंज देने में मदद करेगी। मौजूदा मॉडल में माइल्ड रीजनरेटिव ब्रेकिंग सिस्टम है। नए मॉडल में रीजनरेटिव ब्रेकिंग को एडजस्ट करने के लिए पैडल शिफ्टर्स भी मिल सकते हैं। मौजूदा मॉडल को 3.3 kW AC चार्जर मिलता है, जो बैटरी को लगभग 10 घंटे में 100 प्रतिशत चार्ज कर सकता है। वहीं नए वेरिएंट को 6.6 kW AC चार्जिंग यूनिट मिलेगी और इसकी कीमत 17 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) से शुरू हो सकती है।