टाटा नेक्सन सीएनजी को पावर देने के लिए टियागो और टिगोर सीएनजी की तरह 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा
टाटा मोटर्स ने हाल ही में टियागो और टिगोर सीएनजी के साथ सीएनजी सेगमेंट में प्रवेश किया है, जबकि कंपनी अल्ट्रोज, पंच, नेक्सन को भी सीएनजी के साथ लॉन्च कर सकती है। अब टाटा मोटर्स ने भारत में नेक्सन सीएनजी का परीक्षण करना भी शुरू कर दिया है और हाल ही में नेक्सन सीएनजी को पुणे में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है।
हाल ही में सामने आई एक अन्य रिपोर्ट की मानें तो नेक्सन सीएनजी को 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल के साथ फैक्ट्री-फिटेड CNG किट के साथ पेश किया जाएगा। पेट्रोल इंजन 86 बीएचपी की पावर और 113 एनएम का टार्क विकसित करता है जबकि सीएनजी पावरट्रेन में यह 73 एचपी की पावर और 95 एनएम का टार्क विकसित करता है।
टाटा के नए सीएनजी मॉडल की तरह ही नेक्सन सीएनजी का माइलेज भी 26.49 किमी प्रति किलोग्राम होगा और यह केवल 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ उपलब्ध होगी। वर्तमान में टाटा नेक्सन को 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन विकल्पों के साथ पेश किया जाता है।
यह घरेलू वाहन निर्माता आने वाले सालों में अपने सीएनजी मॉडल रेंज का विस्तार करने की योजना बना रही है। वहीं टाटा मोटर्स 2022 के मध्य तक नेक्सन ईवी को भी अपडेट करने की योजना बना रही है और नए मॉडल को 40kWh बैटरी पैक के साथ पेश किया जाएगा, जो कि एक बार चार्ज होने पर 400 किमी से भी ज्यादा की रेंज देने में सक्षम होगा। वहीं मौजूदा मॉडल को 30.2kWh बैटरी पैक के साथ किया जाता है।
हाल ही में टाटा नेक्सन इलेक्ट्रिक को चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक के साथ परीक्षण के दौरान देखा गया है। वर्तमान में इस इलेक्ट्रिक एसयूवी में केवल आगे के पहियों पर डिस्क ब्रेक मिलते हैं और अलॉय व्हील्स का डिज़ाइन भी नया है। हम उम्मीद करते हैं कि इलेक्ट्रिक क्रॉसओवर में कुछ अतिरिक्त सुविधाएं भी होंगी जिसमें नई अपहोल्स्ट्री, अपडेटेड इंफोटेनमेंट सिस्टम आदि होंगे।
नेक्सन इलेक्ट्रिक वर्तमान में 30.2 kWh लिथियम-आयन बैटरी पैक द्वारा संचालित है, जो कि इलेक्ट्रिक मोटर के साथ मिलकर 129 पीएस की पावर और 245 एनएम का टॉर्क विकसित करता है। नेक्सन इलेक्ट्रिक 312 किमी की एआरएआई-परीक्षणित ड्राइविंग रेंज प्रदान करता है। बैटरी को 0 से 80 फीसदी तक महज 60 मिनट में चार्ज किया जा सकता है।