टाटा मोटर्स अपने पोर्टफोलियो को बढ़ाने के लिए नई इलेक्ट्रिक कारों को लॉन्च करने की तैयारी में है
टाटा मोटर्स भारत की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी है और इसकी बड़ी वजह कंपनी की विस्तृत EV लाइनअप है, जो कई सेगमेंट्स को कवर करती है। इस साल के अंत तक टाटा मोटर्स दो नई इलेक्ट्रिक SUVs लॉन्च करेगी, जबकि एक नई प्रीमियम EV ब्रांड की भी शुरुआत की जा सकती है।
जुलाई से सितंबर 2026 के बीच टाटा मोटर्स नई टाटा Sierra.ev को लॉन्च कर सकती है। यह पिछले साल पेश की गई नई टाटा सिएरा पर आधारित इलेक्ट्रिक मिडसाइज SUV होगी, जिसे Harrier.ev से नीचे पोजिशन किया जाएगा। कंपनी Sierra.ev का एक्सटीरियर आंशिक रूप से दिखा चुकी है और इसका सिल्हूट ICE मॉडल जैसा ही रहेगा। हालांकि, फ्रंट डिजाइन में कुछ बदलाव देखने को मिलेंगे।
इसमें बॉडी-कलर फॉक्स ग्रिल, ज्यादा स्लीक फ्रंट नोज और मोटी फुल-विथ LED DRL दी जाएगी। जहाँ नई सिएरा के फ्रंट के ऊपरी हिस्से में ग्लॉस ब्लैक पैनल्स मिलते हैं, वहीं Sierra.ev में इन्हें नीचे की तरफ रखा जाएगा। साइड प्रोफाइल लगभग समान रहेगा और रियर डिजाइन व इंटीरियर में भी ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेंगे।

हालांकि, टाटा इसमें EV विशेष फीचर्स जैसे नया सॉफ्टवेयर, फ्रंक (फ्रंट स्टोरेज) और बाय-डायरेक्शनल चार्जिंग जैसी टेक्नोलॉजी दे सकती है। Sierra.ev को सिंगल-मोटर RWD और डुअल-मोटर AWD विकल्पों में लॉन्च किया जा सकता है। इसकी ड्राइविंग रेंज लगभग 600 किलोमीटर तक हो सकती है। नियमित सिएरा के मुकाबले इसमें मल्टी-लिंक रियर सस्पेंशन मिलने की उम्मीद है।
इसके बाद अक्टूबर 2026 में टाटा मोटर्स Safari.ev लॉन्च कर सकती है। यह सफारी SUV का इलेक्ट्रिक वर्जन होगा। डिजाइन में कुछ छोटे बदलाव जैसे बंद ग्रिल, नया एयर इनटेक और ज्यादा एयरोडायनामिक 19-इंच अलॉय व्हील्स देखने को मिल सकते हैं। Safari.ev का इंटीरियर लगभग मौजूदा सफारी जैसा ही रहेगा, लेकिन इसमें नया सॉफ्टवेयर, फ्रंक और बाय-डायरेक्शनल चार्जिंग जैसी सुविधाएं मिल सकती हैं।

Safari.ev को भी सिंगल-मोटर RWD और डुअल-मोटर AWD विकल्पों में लाया जा सकता है। इसके RWD वेरिएंट में 65 kWh LFP बैटरी स्टैंडर्ड मिल सकती है, जबकि 75 kWh बैटरी ऑप्शन के तौर पर दी जा सकती है। AWD वेरिएंट में बड़ी बैटरी स्टैंडर्ड मिलने की संभावना है। एक बार चार्ज करने पर यह इलेक्ट्रिक SUV करीब 600 किलोमीटर तक चल सकती है। बेहतर राइड क्वालिटी के लिए इसमें मल्टी-लिंक रियर सस्पेंशन और फ्रीक्वेंसी-डिपेंडेंट डैम्पर्स दिए जा सकते हैं।
इसके अलावा, दिसंबर 2026 में टाटा मोटर्स अपनी नई प्रीमियम EV ब्रांड Avinya का पहला मॉडल पेश कर सकती है। Avinya ब्रांड की कारों पर टाटा बैज नहीं होगा और इन्हें पूरी तरह नए प्लेटफॉर्म पर विकसित किया जाएगा। पहला Avinya मॉडल एक लो-स्लंग C-सेगमेंट स्पोर्टबैक हो सकता है, जो Avinya कॉन्सेप्ट से प्रेरित होगा।