
टाटा मोटर्स ने अप्रैल 2026 में कुल 59,701 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की है, जो पिछले साल इसी महीने की 45,532 यूनिट्स के मुकाबले 31.1 फीसदी की वृद्धि है
टाटा मोटर्स के लिए अप्रैल 2026 का सेल्स डेटा काफी मजबूत रहा, जिसमें सबसे बड़ी बात इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) की बिक्री में साल-दर-साल 72 फीसदी की बढ़ोतरी रही है। अप्रैल 2026 में कंपनी ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार मिलाकर कुल 9,150 EV यूनिट्स डिस्पैच किए, जबकि अप्रैल 2025 में यह आंकड़ा 5,318 यूनिट्स का था।
इस बढ़ोतरी का श्रेय Tata Punch EV, Tata Tiago EV और Tata Nexon EV जैसे मॉडलों की अच्छी मांग को जाता है, वहीं लाइनअप में Tata Curvv EV और Tata Harrier EV भी शामिल हैं। कुल मिलाकर, कंपनी ने अप्रैल 2026 में 59,701 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल इसी महीने के 45,532 यूनिट्स के मुकाबले 31.1 फीसदी ज्यादा है। यह वित्त वर्ष 2026-27 की शानदार शुरुआत मानी जा रही है।
घरेलू बाजार में टाटा मोटर्स ने 59,000 यूनिट्स की बिक्री की, जो अप्रैल 2025 के 45,199 यूनिट्स से 30.5 फीसदी अधिक है। यह ग्रोथ किसी एक सेगमेंट तक सीमित नहीं रही, बल्कि SUV, क्रॉसओवर और EV सेगमेंट सभी ने इसमें योगदान दिया है। इंटरनेशनल मार्केट में भले ही वॉल्यूम कम रहा, लेकिन ग्रोथ सबसे ज्यादा रही।

एक्सपोर्ट्स अप्रैल 2026 में 701 यूनिट्स का रहा, जो पिछले साल के 333 यूनिट्स के मुकाबले 110.5 फीसदी की बढ़ोतरी है। कमर्शियल व्हीकल (CV) सेगमेंट में भी कंपनी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। अप्रैल 2026 में कुल 34,833 यूनिट्स की बिक्री हुई, जो पिछले साल के 27,221 यूनिट्स के मुकाबले 28 फीसदी ज्यादा है।
इसमें SCV कार्गो और पिकअप सेगमेंट 40.2 फीसदी की बढ़त के साथ 12,799 यूनिट्स तक पहुंच गया, जबकि HCV ट्रक 23.4 फीसदी बढ़कर 8,969 यूनिट्स और पैसेंजर कैरियर 22.6 फीसदी बढ़कर 5,743 यूनिट्स का रहा। ILMCV ट्रक सेगमेंट में भी 16.5 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 5,454 यूनिट्स की बिक्री हुई। घरेलू CV बिक्री 32,965 यूनिट्स रही (27.9% ग्रोथ) जबकि इंटरनेशनल बिजनेस से 1,868 यूनिट्स (28.2% ग्रोथ) का योगदान मिला।

कुल मिलाकर, कंपनी की ग्रोथ तीन मुख्य क्षेत्रों कुल बिक्री, घरेलू रिटेल और EV सेल्स में देखने को मिली। खास बात यह है कि 72 फीसदी की EV ग्रोथ उस समय आई है, जब कुल पैसेंजर व्हीकल मार्केट इतनी तेजी से नहीं बढ़ रहा है।