Home कार न्यूज़ जुलाई 2026 में टाटा मोटर्स ने बेचीं 62,000 से ज्यादा कारें, बिक्री...

जुलाई 2026 में टाटा मोटर्स ने बेचीं 62,000 से ज्यादा कारें, बिक्री में 58 फीसदी की बढ़ोतरी

Tata Sierra (24)

टाटा मोटर्स ने जुलाई 2026 में कुल 63,760 पैसेंजर वाहनों (घरेलू और निर्यात मिलाकर) की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल की तुलना में करीब 59 फीसदी अधिक है

टाटा मोटर्स ने जुलाई 2026 में हाल के वर्षों का अपना सबसे मजबूत मासिक प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी की पैसेंजर व्हीकल (PV) बिक्री सालाना आधार पर करीब 59 फीसदी बढ़ी है। वहीं, इलेक्ट्रिक वाहन (EV) कारोबार में भी कंपनी ने नया रिकॉर्ड बनाया है और पहली बार एक महीने में 15,000 यूनिट्स से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों की होलसेल बिक्री दर्ज की है।

जुलाई 2026 में टाटा मोटर्स ने घरेलू और निर्यात बाजार मिलाकर 63,760 पैसेंजर वाहन बेचे, जबकि जुलाई 2025 में यह आंकड़ा 40,175 यूनिट का था। इस तरह कंपनी की कुल बिक्री में 58.71 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी दर्ज हुई है। यह वृद्धि कंपनी के पेट्रोल-डीजल (ICE) और इलेक्ट्रिक वाहन (EV) दोनों पोर्टफोलियो की मजबूत मांग की वजह से हुई है।

घरेलू बाजार में टाटा मोटर्स ने जुलाई 2026 में 62,611 यूनिट्स की बिक्री की है, जबकि पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 39,521 यूनिट का था। इस तरह कंपनी की घरेलू बिक्री में 58.42 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, जून 2026 के मुकाबले भी बिक्री में 0.86 फीसदी की मामूली बढ़त दर्ज की गई है।

Tata Punch EV

कंपनी के निर्यात प्रदर्शन में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है। जुलाई 2026 में कंपनी ने 1,149 यूनिट्स का निर्यात किया, जबकि जुलाई 2025 में यह संख्या 654 यूनिट्स की थी। इस तरह निर्यात में 75.69 फीसदी की सालाना वृद्धि हुई है। जुलाई 2026 की सबसे बड़ी उपलब्धि टाटा मोटर्स का इलेक्ट्रिक वाहन कारोबार रहा।

कंपनी ने इस महीने 15,217 यूनिट्स की होलसेल बिक्री की है, जबकि पिछले साल जुलाई में यह आंकड़ा 7,124 यूनिट का था। इस तरह EV बिक्री में 113.60 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह पहली बार है जब टाटा मोटर्स ने एक महीने में 15,000 से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन बेचे हैं।

Nexon Pure+ PS

कंपनी ने यह भी बताया कि जुलाई में उसके वाहन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन भी अब तक के सबसे अधिक रहे, जिससे साफ है कि रिटेल स्तर पर भी ग्राहकों की मांग मजबूत बनी हुई है। टाटा मोटर्स ने बताया कि Punch ने जुलाई 2026 में अपनी अब तक की सबसे अधिक मासिक बिक्री दर्ज की है। इसके अलावा कंपनी के पैसेंजर व्हीकल और इलेक्ट्रिक वाहन पोर्टफोलियो को भी अच्छी बुकिंग मिल रही है।

आने वाले दिनों में टाटा मोटर्स अपनी सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी Nexon का नया वेरिएंट लॉन्च करने वाली है। वहीं, त्योहारी सीजन से पहले कंपनी Safari EV को भी बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है। हाल ही में लॉन्च हुई Sierra EV के बाद Safari EV की एंट्री से कंपनी की इलेक्ट्रिक एसयूवी लाइनअप और मजबूत होगी।