टाटा मोटर्स ने नवंबर 2025 में 57,000 से अधिक कारें बेची, 22 फीसदी की बढ़त दर्ज

Tata Nexon
Pic Source: Mrs. Rita Biswas

टाटा मोटर्स की घरेलू बिक्री और निर्यात दोनों बढ़े हैं और पिछले महीने कंपनी के इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई

टाटा मोटर्स ने नवंबर 2025 में 22 प्रतिशत की मजबूत बिक्री वृद्धि दर्ज की है। कंपनी ने घरेलू बाजार में पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में कुल 57,436 यूनिट्स बेचीं, जिनमें इलेक्ट्रिक वाहन भी शामिल हैं। पिछले साल नवंबर में 47,063 यूनिट्स की तुलना में यह बड़ी बढ़ोतरी है। इलेक्ट्रिक वाहनों की कुल (घरेलू + निर्यात) बिक्री में भी 52 प्रतिशत की तेज़ वृद्धि देखी गई है।

कंपनी ने 7,911 इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री की है, जबकि नवंबर 2024 में यह आंकड़ा 5,202 यूनिट का था। निर्यात में तो रिकॉर्ड 3164.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई, क्योंकि इस बार 1,763 यूनिट्स का निर्यात किया गया है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में सिर्फ 54 यूनिट्स निर्यात हुई थीं।

घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार मिलाकर कंपनी की कुल बिक्री 59,199 यूनिट्स रही, जो साल-दर-साल 25.6 प्रतिशत की वृद्धि है। इस प्रदर्शन के साथ टाटा मोटर्स ने अपने क़रीबी प्रतिद्वंद्वी महिंद्रा एंड महिंद्रा को मामूली अंतर से पीछे छोड़ दिया। हालांकि, यह घरेलू पीवी बाजार में मारुति सुजुकी और हुंडई के बाद तीसरे स्थान पर बनी रही, जबकि महिंद्रा चौथे नंबर पर रही। ईवी सेगमेंट में टाटा मोटर्स ने महिंद्रा, हुंडई और एमजी मोटर जैसे ब्रांडों को पछाड़ते हुए अपनी शीर्ष स्थिति बनाए रखी।

Punch EV

पिछले कुछ समय से टाटा मोटर्स घरेलू बाजार में कई नए मॉडल पेश कर रही है। हाल ही में कंपनी ने दो दशक बाद लोकप्रिय सिएरा नाम को फिर से लॉन्च किया है। टाटा सिएरा को 11.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर उतारा गया है और यह पंच, नेक्सन, हैरियर, सफारी और कर्व के बाद कंपनी की छठी एसयूवी है।

टाटा सिएरा में ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप मिलता है, जिसमें ड्राइवर डिजिटल डिस्प्ले, सेंटर टचस्क्रीन और फ्रंट पैसेंजर के लिए अलग इंफोटेनमेंट स्क्रीन शामिल है। इसमें डॉल्बी एटमॉस सपोर्ट, 12 JBL ब्लैक स्पीकर सेटअप और ओटीटी स्ट्रीमिंग जैसे प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा 622 लीटर का विशाल बूट स्पेस भी मिलता है। नई ARGOS आर्किटेक्चर पर बनी इस एसयूवी में 3 टेरेन मोड, 360° एचडी कैमरा, ADAS के 22 फीचर्स, 5G कनेक्टिविटी, एआर-आधारित HUD और ओटीए अपडेट्स जैसी उन्नत सुविधाएँ उपलब्ध हैं।

New Tata Sierra (2)

इंजन विकल्पों की बात करें तो सिएरा में दो पेट्रोल और एक डीज़ल इंजन मिलते हैं। इसमें 1.5-लीटर टर्बोचार्ज्ड TGDi पेट्रोल इंजन (158 bhp/255 Nm), 1.5-लीटर नैचुरली-एस्पिरेटेड Revotron पेट्रोल इंजन (104.5 bhp/145 Nm) और 1.5-लीटर Kryojet डीज़ल इंजन (116 bhp/260 Nm) शामिल हैं।