टाटा मोटर्स ने अप्रैल 2022 में यात्री वाहन सेगमेंट में कुल 41,587 यूनिट की बिक्री की है, जो अप्रैल 2021 में बेची गई 25,095 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 65.72 फीसदी की वृद्धि है
भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग में कारोबार कर रही कंपनियों में टाटा मोटर्स उन चुनिंदा निर्माताओं में से एक है, जो इन दिनों अपनी बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज कर रही है। कंपनी की यह बिक्री अप्रैल 2022 के महीने में भी जारी रही और पिछले महीने टाटा मोटर्स ने भारतीय बाजार में कुल मिलाकर 71,467 यूनिट की बिक्री की है, जो अप्रैल 2021 में बेची गई 39,401 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 81 प्रतिशत की भारी वृद्धि है।
वहीं यात्री कारों की बात करें तो घरेलू कार निर्माता ने एक बार फिर से बेहतर प्रदर्शन जारी रखा है और अप्रैल 2022 में कुल मिलाकर 41,587 यूनिट की बिक्री की है, जो अप्रैल 2021 में बेची गई 25,095 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 65.72 फीसदी की भारी वृद्धि है। हालाँकि कंपनी ने मार्च 2022 में 42,293 यूनिट की बिक्री की थी, जो मासिक आधार पर 1.67 प्रतिशत की मामूली गिरावट है।
यहाँ ध्यान देने वाली बात यह है कि अप्रैल 2022 में बेचीं गई कुल 41,587 यात्री कारों में से 2,322 यूनिट इलेक्ट्रिक कारों की रही है और कंपनी ने इस सेगमेंट में अप्रैल 2021 में बेची गई कुल 581 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 300 प्रतिशत की वृद्धि देखी है। वहीं वाणिज्यिक वाहन सेगमेंट की बिक्री की बात करें तो अप्रैल 2022 में 30,838 यूनिट की बिक्री हुई है, जो अप्रैल 2021 में बेची गई 16,515 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 87 प्रतिशत की वृद्धि है।
आने वाले सालों में टाटा मोटर्स अपनी ईवी रेंज का और विस्तार करने जा रही है और हाल ही में कंपनी ने कर्व और अविन्या कॉन्सेप्ट का प्रदर्शन किया है। टाटा मोटर्स इन कॉन्सेप्ट पर आधारित इलेक्ट्रिक कारों को इस दशक के मध्य तक लॉन्च करेगी। इसके साथ ही कंपनी अगले दो वर्षों के भीतर कर्व कॉन्सेप्ट पर आधारित एक नई मिड-साइज एसयूवी को भी पेश करेगी, जो मूलतः एक एसयूवी कूप होगी।
भारत में टाटा मोटर्स की इस एसयूवी के लॉन्च होने पर इसका मुकाबला हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस, फॉक्सवैगन तैगुन, स्कोडा कुशाक और एमजी एस्टर जैसी कारों से होगा। टाटा मोटर्स आगामी 11 मई को अपनी लोकप्रिय नेक्सन ईवी के लॉन्ग रेंज वेरिएंट को भी लॉन्च करने की योजना बना रही है, जिसमें एक बार चार्ज करने पर लगभग 400 किमी की अनुमानित ड्राइविंग रेंज होगी। यह कार एक बड़े 40 kWh ली-आयन बैटरी पैक से लैस हो सकती है।
2022 टाटा नेक्सन ईवी में कुछ कॉस्मेटिक अपडेट भी किया जा सकता है और इसे कुछ नए फीचर्स भी मिल सकते हैं। कंपनी लॉन्ग रेंज वर्जन के साथ-साथ मौजूदा मॉडल की भी बिक्री जारी रहेगी। इसके बाद टाटा मोटर्स अल्ट्रोज़ ईवी और पंच ईवी को निकट भविष्य में लॉन्च करेगी, जबकि बाद के चरणों में जेनरेशन 2 और जेनरेशन 3 (स्केटबोर्ड) प्लेटफॉर्म पर आधारित शून्य-उत्सर्जन वाहनों को पेश किया जाएगा।