टाटा मोटर्स ने जुलाई 2021 में 30,185 यूनिट की बिक्री की है, जो कि जुलाई 2020 में बेची गई 24,110 यूनिट के मुकाबले सालाना आधार पर 101 फीसदी की वृद्धि है
ऑटोमोबाइल उद्योग ने हेल्थ क्राइसिस से उबरते हुए जुलाई 2021 की बिक्री में अच्छी रिकवरी दर्ज की है और टाटा मोटर्स की बिक्री इससे अलग नहीं रही। टाटा मोटर्स ने पैसेंजर कार सेगमेंट में जुलाई 2021 के महीने में कुल मिलाकर 30,185 यूनिट की बिक्री दर्ज की है, जो कि पिछले साल की इसी अवधि यानि जुलाई 2020 में 24,110 यूनिट थी।
इस तरह टाटा मोटर्स ने अपनी बिक्री में सालाना आधार पर 101 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है, जबकि कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार सहित कुल मिलाकर 54,119 यूनिट की बिक्री दर्ज की है, जो कि पिछले साल की इसी अवधि में केवल 27,711 यूनिट थी। इस तरह यह सालाना आधार पर 95.29 फीसदी की वृद्धि है।
इसमें से घरेलू बाजार में कुल बिक्री 51,981 यूनिट की रही, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह 27,024 यूनिट थी, जो कि सालाना आधार पर 92 प्रतिशत की वृद्धि है। कंपनी के लिए उत्साहजनक संकेत यह है कि इसकी मासिक बिक्री में भी 19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है, क्योंकि जून 2021 में यह आंकड़ा 43,704 यूनिट का था।

कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट की बात करें तो घरेलू बाजार में 21,796 यूनिट की बिक्री हुई है, जबकि 2,052 यूनिट को विदेशी बाजारों में भेजा गया है। टाटा मोटर्स की हुई यह बिक्री वास्तव में कंपनी के लिए अच्छे संकेत हैं और इसकी बिक्री में कई महीनों से लगातार वृद्धि हो रही है। इसी के साथ कंपनी लगातार अपने पोर्टफोलियो के विस्तार पर भी कार्य कर रही है।
टाटा मोटर्स ने इस साल की शुरुआत में भारत में अपनी तीन पंक्ति वाली एसयूवी सफारी को लॉन्च किया था, वहीं पिछले साल की शुरूआत में टाटा नेक्सन, नेक्सन ईवी, टियागो फेसलिफ्ट, टिगोर फेसलिफ्ट, हैरियर फेसलिफ्ट और आल न्यू अल्ट्रोज़ को लॉन्च किया था। हाल ही में कंपनी ने अल्ट्रोज, नेक्सन ईवी और नेक्सन के डार्क एडिशन को लॉन्च किया था।
इसके अलावा यह घरेलू दिग्गज निर्माता 4 अगस्त को देश में टियागो NRG फेसलिफ्ट को भी लॉन्च करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। यह वेरिएंट टियागो के मौजूदा बीएस6 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन द्वारा संचालित होगा और इसे 5-स्पीड मैनुअल और एएमटी ट्रांसमिशन के साथ पेश किया जा सकता है, इसमें स्टैण्डर्ड टियागो के मुकाबले कई कॉस्मेटिक अपग्रेड मिलेंगे।
इसके अलावा टाटा मोटर्स देश में 2020 ऑटो एक्सपो में पेश किए गए माइक्रो एसयूवी एचबीएक्स के प्रोडक्शन वर्जन को भी लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जिसे देश में टाटा हॉर्नबिल के नाम से पेश किया जा सकता है। यह कार टाटा के अल्ट्रोज वाले ALFA (एजाइल लाइट फ्लेक्सिबल एडवांस्ड) प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी और इसे पावर देने के लिए 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन मिल सकता है। यह कार आने वाले महीनों में भारत की सड़कों पर होगी।