
टाटा मोटर्स ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 61,295 यूनिट के साथ त्योहारी सीजन में अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की है
टाटा मोटर्स ने अक्टूबर 2025 में एक नई उपलब्धि हासिल की है, क्योंकि उसने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 61,295 यूनिट के साथ त्योहारी सीजन में अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की है। जो पिछले साल इसी अवधि के 48,423 यूनिट की तुलना में 27 प्रतिशत की भारी वृद्धि है। कंपनी ने लगातार दूसरे महीने रिकॉर्ड बिक्री का नया आंकड़ा छुआ है।
इन शानदार नतीजों के पीछे त्योहारों के दौरान बढ़ी हुई खरीदारी की भावना और लोगों का जोश मुख्य कारण रहा है। टाटा मोटर्स की बिक्री में एसयूवी ने एक बार फिर सबसे बड़ा योगदान दिया है। कुल बिक्री में से 47,000 से ज़्यादा एसयूवी बिकीं, जो लगभग 77 फीसदी हिस्सेदारी है। नेक्सन ने पिछले साल की तुलना में 50 फीसदी की बेहतरीन बढ़त हासिल की और भारत की सबसे पसंदीदा कॉम्पैक्ट एसयूवी के रूप में अपनी पहचान और भी मजबूत की।
हैरियर और सफारी मॉडल्स की भी अच्छी बिक्री हुई और दोनों मिलकर 7,000 से ज़्यादा यूनिट्स बिकीं। एडवेंचर एक्स वेरिएंट की लोकप्रियता और नई हैरियर ईवी की बढ़ती मांग ने इसमें बड़ा योगदान दिया। टाटा के इलेक्ट्रिक वाहन डिवीजन ने भी शानदार प्रदर्शन किया और 9,286 यूनिट्स की बिक्री के साथ अब तक का सबसे अच्छा महीना दर्ज किया है, जो पिछले साल की तुलना में 73 फीसदी ज़्यादा है।

नेक्सन ईवी, पंच ईवी और टियागो ईवी की बढ़ती मांग ने इस तेजी को और मज़बूत किया। त्योहारी सीज़न के दौरान लोगों के खरीदने के उत्साह का असर रिटेल सेल्स पर भी दिखा और नवरात्रि से दिवाली के बीच एक लाख से ज़्यादा गाड़ियाँ डिलीवर की गईं, जो पिछले साल की तुलना में 33 फीसदी ज़्यादा है।
ब्रांड के अनुसार, अक्टूबर में ICE और EV दोनों पोर्टफोलियो में बुकिंग का रिकॉर्ड स्तर देखा गया। टाटा इस महीने के अंत में ICE संस्करण में नई पीढ़ी की सिएरा को पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार है, जबकि इलेक्ट्रिक अवतार भी 2026 की शुरुआत में आने वाला है। यह कई खूबियों और तकनीकों से भरपूर होगी और इसे कर्व से ऊपर रखा जाएगा।

सिएरा ईवी दो बैटरी विकल्पों में उपलब्ध होगी और इसमें एक बार चार्ज करने पर 500 किमी से ज़्यादा की ड्राइविंग रेंज का दावा किया गया है। इसके उपकरणों की सूची में ट्रिपल स्क्रीन लेआउट शामिल होगा जिसमें 12.3 इंच का टचस्क्रीन, ऑल-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल और फ्रंट पैसेंजर साइड डिस्प्ले, लेवल 2 ADAS सूट, कनेक्टेड तकनीक, वेंटिलेटेड और पावर्ड सीटें आदि शामिल होंगे।