टाटा मोटर्स ने जुलाई 2020 में 15,000 यूनिट्स की बिक्री की, जो कि पिछले साल के 10,485 यूनिट्स के मुकाबले 43 फीसदी की वृद्धि हुई है
टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने जुलाई 2020 की बिक्री में वापसी की है और इस दौरान कुल मिलाकर देश में 15,000 यूनिट की बिक्री की है। जुलाई 2019 की तुलना में कंपनी ने इस साल 4,515 यूनिट अधिक की बिक्री की है, जो कि सलाना आधार पर 43 प्रतिशत की वृद्धि है। टाटा मोटर्स ने जुलाई 2020 में बिक्री के मामले में मारुति सुजुकी और हुंडई के बाद तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
बता दें कि साल 2019 में टाटा की बाजार में कुल हिस्सेदारी 5.3 प्रतिशत की थी, लेकिन 2020 में यह बढ़कर 7.6 प्रतिशत हो गई। टाटा ने 2020 के साल की शुरुआत कई नए वाहन लॉन्च किए थे, जिसमें टियागो, टिगोर और नेक्सन के फेसलिफ्ट मॉडल थे, जबकि प्रीमियम हैचबैक ऑल-न्यू अल्ट्रोज़ भी नई एन्ट्री में शामिल रही।
इसके अतिरिक्त, टाटा ने नेक्सन इलेक्ट्रिक के साथ हैरियर के फेसलिफ्ट को भी पेश किया। इस तरह समय-समय पर नए वाहनों की एन्ट्री ने टाटा की बिक्री को मजबूत किया। बिक्री में टाटा मोटर्स के बाद आने वाली कंपनियों में क्रमशः महिंद्रा, किआ, रेनो, टोयोटा, होंडा, फोर्ड, एमजी और फॉक्सवैगन शामिल रहीं।
टाटा ने अपने निकटम कॉम्पिटेटर महिन्द्रा की तुलना में करीब 4,000 यूनिट ज्यादा की बिक्री की है। आपको बता दें कि भारत में चल रहे हेल्थ क्राइसिस के बीच ऑटोमोटिव उद्योग ने जुलाई 2020 में पटरी पर आती हुई दिखाई दी है और कुल मिलाकर 1,97,523 यूनिट की बिक्री हुई, जो कि जून महीने की तुलना में 69 प्रतिशत की भारी वृद्धि है।
माना जा रहा है कि फेस्टिव सीजन में कारों की बिक्री में और भी वृद्धि होगी। फिलहाल टाटा मोटर्स भारत में टाटा ग्रेविटास (Tata Gravitas) और टाटा एचबीएक्स (Tata HBX) को लॉन्च करने के लिए तैयार है। ग्रेविटास को नवंबर के आसपास लॉन्च किया जा सकता है, जबकि एचबीएक्स भी फेस्टिव सीजन में शोरूम में आ सकती है।
कंपनी ने इन दोनों को 2020 ऑटो एक्सपो में शोकेस था। एचबीएक्स का मुकाबला मारुति सुजुकी एस-प्रेसो (Maruti Suzuki S-Presso) और रेनो क्विड (Renault Kwid) से जबकि ग्रेविटास का मुकाबला एमजी हेक्टर प्लस (MH Hector Plus), आगामी 7-सीटर हुंडई क्रेटा (Hyundai Creta) और नई महिन्द्रा एक्सयूवी500 (2021 Mahindra XUV500) से होगा।