
टाटा मोटर्स ने विजेता भारतीय सीडब्ल्यूसी टीम की हर खिलाड़ी को अपनी पसंद की टाटा सिएरा कार चुनने का मौका दिया है
आईसीसी महिला वर्ल्ड कप 2025 में भारत की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने के लिए टाटा मोटर्स ने एक खास पहल की है।कंपनी ने विजेता भारतीय टीम की हर खिलाड़ी को बिल्कुल नई टाटा सिएरा गिफ्ट करने का ऐलान किया है, जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी अपनी पसंद का वेरिएंट चुन सकती है। यह घोषणा टीम के खिताब जीतने के बाद की गई और हाल ही में नए अवतार में लौटी सिएरा के साथ खिलाड़ियों की मौजूदगी में एक खास समारोह भी आयोजित किया गया।
इस मौके पर टाटा संस और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ शैलेश चंद्रा भी मौजूद रहे। भारत की महिला टीम की वर्ल्ड कप जीत को देश में महिला क्रिकेट के लिए एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है। यह जीत ऐसे समय पर आई है जब टाटा सिएरा ने भारतीय बाजार में दोबारा एंट्री की है और इसकी बुकिंग आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है।
टाटा की एसयूवी लाइन-अप में कर्व से ऊपर पोजिशन की गई सिएरा की कीमत 11.49 लाख रुपये से 21.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच रखी गई है। इच्छुक ग्राहक 21,000 रुपये की टोकन राशि देकर इसे डीलरशिप या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए बुक कर सकते हैं, जबकि इसकी डिलीवरी जनवरी 2026 के मध्य से शुरू होने की उम्मीद है। सिएरा को स्मार्ट+, प्योर, प्योर+, एडवेंचर, एडवेंचर+ और टॉप-स्पेक अकम्प्लिश्ड व अकम्प्लिश्ड+ जैसे कई वेरिएंट्स में पेश किया गया है।

नई टाटा सिएरा को कंपनी के नए ARGOS प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। डिजाइन के मामले में यह एसयूवी पुराने जमाने के लुक और आधुनिक स्टाइल का अच्छा मेल पेश करती है। इसमें शार्प एलईडी हेडलैम्प्स, फुल-विड्थ लाइट बार और ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
इंजन विकल्पों में 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन है, जो 106 पीएस की पावर और 145 एनएम का टॉर्क देता है, जबकि टर्बो पेट्रोल वर्जन 160 पीएस की पावर और 255 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इसके अलावा 1.5 लीटर डीजल इंजन 120 पीएस की पावर और 280 एनएम तक का टॉर्क देता है। ट्रांसमिशन के लिए इसमें 6-स्पीड मैनुअल, 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक और डुअल-क्लच ऑटोमैटिक का विकल्प मिलता है।

फीचर्स की बात करें तो टाटा सिएरा में ट्रिपल-स्क्रीन डैशबोर्ड लेआउट दिया गया है, जिसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, सेंट्रल इंफोटेनमेंट स्क्रीन और पैसेंजर के लिए अलग डिस्प्ले शामिल है। इसके अलावा जेबीएल साउंड सिस्टम के साथ डैश-माउंटेड साउंडबार, पैनोरैमिक सनरूफ, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, पावर्ड टेलगेट, वायरलेस चार्जिंग और 20 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स वाला लेवल-2 ADAS भी इसमें मौजूद है।