Home कार न्यूज़ 2031 तक Tata Motors के पोर्टफोलियो में होंगी 25 कारें, 10 नए...

2031 तक Tata Motors के पोर्टफोलियो में होंगी 25 कारें, 10 नए मॉडल होंगे शामिल

New Tata Cars

टाटा मोटर्स अपनी बाजार हिस्सेदारी को बढ़ाने के लक्ष्य के साथ 6 नई कारें लॉन्च करने और 20 से अधिक मॉडलों में बड़े अपडेट करने की योजना बना रही है

टाटा मोटर्स भारतीय बाजार में 30 जून को सिएरा इलेक्ट्रिक एसयूवी का डेब्यू करने जा रही है, लेकिन उससे पहले कंपनी ने आने वाले पांच वर्षों में अपने पैसेंजर व्हीकल पोर्टफोलियो के विस्तार के बारे में जानकारी दी है। कंपनी का लक्ष्य FY2026 में 6.4 लाख यूनिट्स की बिक्री से बढ़कर FY2031 तक 12 लाख यूनिट्स तक पहुंचना है। इसके लिए टाटा नए मॉडल लॉन्च करने के साथ-साथ मौजूदा गाड़ियों के फेसलिफ्ट और अपडेटेड वर्जन भी बाजार में उतारेगी।

23 जून को आयोजित अपने वार्षिक निवेशक दिवस (Investor Day) के दौरान टाटा मोटर्स ने खुलासा किया कि वह मार्च 2031 तक 6 नई ICE (पेट्रोल-डीजल) कारें लॉन्च करेगी। फिलहाल कंपनी के पास 9 ICE मॉडल हैं और नए लॉन्च के बाद यह संख्या बढ़कर 15 हो जाएगी। हालांकि कंपनी ने इन नए मॉडलों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इनमें एक नई कॉम्पैक्ट बॉक्सी SUV शामिल हो सकती है, जिसका कोडनेम Scarlet बताया जा रहा है।

यह SUV 2027 में लॉन्च हो सकती है और Renault Bridger तथा Mahindra Vision.S के प्रोडक्शन मॉडल को टक्कर देगी। इसके अलावा, टाटा एक नई MPV पर भी काम कर रही है, जो आगामी Sierra के ARGOS प्लेटफॉर्म पर आधारित हो सकती है। यह प्लेटफॉर्म 4.6 मीटर तक लंबी गाड़ियों के लिए विकसित किया गया है।

New Tata Cars (1)

इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में भी टाटा मोटर्स की बड़ी योजनाएं हैं। कंपनी फिलहाल 6 इलेक्ट्रिक कारें बेचती है और जल्द ही Sierra.ev को लॉन्च करने वाली है। इसके बाद Avinya ब्रांड के तहत पहली इलेक्ट्रिक कार पेश की जाएगी और फिर दो अन्य EV मॉडल भी बाजार में आएंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक इनमें से एक Safari.ev हो सकती है, जिसे इस साल त्योहारी सीजन के आसपास लॉन्च किया जा सकता है। दूसरी EV आगामी Scarlet SUV पर आधारित हो सकती है।

मार्च 2031 तक टाटा मोटर्स का लक्ष्य अपने इलेक्ट्रिक कार पोर्टफोलियो को बढ़ाकर 10 मॉडल तक पहुंचाने का है। ICE और EV दोनों को मिलाकर कंपनी के पास कुल 25 मॉडल्स का पोर्टफोलियो होगा। कई मॉडल एक ही गाड़ी पर आधारित होंगे, इसलिए कुल 25 मॉडल होने के बावजूद अलग-अलग गाड़ियों की संख्या करीब 15 से 20 ही रहने की उम्मीद है।

New Tata Cars (2)

नई गाड़ियों के अलावा टाटा मोटर्स मौजूदा लाइनअप को भी लगातार अपडेट करती रहेगी। कंपनी ने मार्च 2031 तक 20 से ज्यादा ICE मॉडल्स और 10 से ज्यादा EV मॉडल्स के फेसलिफ्ट, अपडेट और स्पेशल एडिशन लाने की योजना बनाई है। इससे टाटा मोटर्स भारतीय बाजार में अपनी स्थिति को और मजबूत करने की कोशिश करेगी।