टाटा ब्लैकबर्ड मिडसाइज़ एसयूवी को पावर देने के लिए 1.5 लीटर डीजल इंजन के साथ टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन मिल सकता है
वर्तमान में टाटा मोटर्स भारतीय बाजार में नेक्सन एसयूवी, पंच, टियागो और हैरियर जैसी कारों के साथ अपनी सफलता का आनंद ले रही है। वहीं कंपनी आने वाले दिनों में अपडेटेड नेक्सन, सफारी और हैरियर को भी लॉन्च करने जा रही है। अब खबर है कि कंपनी देश में हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस, फाक्सवैगन तैगुन, स्कोडा कुशाक, निसान किक्स और एमजी एस्टर जैसी कारों के मुकाबले देश में एक नई मिड साइज एसयूवी को पेश करने की योजना बना रही है।
टाटा मोटर्स की इस नई एसयूवी को फिलहाल ब्लैकबर्ड कहा जा रहा है और इसके 2023 के मध्य में आने की उम्मीद है। अटकलों की मानें तो इस नई एसयूवी को एक नए 1.5 लीटर, टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया जाएगा, जिस पर टाटा लंबे समय से काम कर रहा है। यह इंजन मौजूदा 1.2 लीटर टर्बो पेट्रोल पर आधारित होगा जो अल्ट्रोज़ और नेक्सन के साथ पेश किया जाता है।
कहा जा रहा है कि यह भारतीय कार निर्माता इस नए टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन को मैनुअल के साथ-साथ एक ऑटोमैटिक गियरबॉक्स विकल्प के साथ पेश करेगी। इसके अलावा इस आगामी मिडसाइज एसयूवी के साथ 1.5 लीटर डीजल इंजन विकल्प भी पेश किए जाने की उम्मीद है।
वहीं डीजल इंजन को भी मैनुअल के साथ-साथ ऑटोमैटिक गियरबॉक्स विकल्पों के साथ पेश किए जाने की उम्मीद है। कहा जा रहा है कि आगामी टाटा मिडसाइज एसयूवी की लंबाई 4.3 मीटर के करीब होगी और यह प्रोजेक्टर लाइट्स, स्मार्ट डुअल-कट अलॉय व्हील्स, एलईडी टेल लाइट्स, प्रीमियम क्रोम एलिमेंट्स से लैस होगी।
केबिन में भी बड़ी सनरूफ, कनेक्टेड कार टेक, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, ऑटो-डिमिंग IRVM, इलेक्ट्रिकली ऑपरेटेड ओआरवीएम, पावर-ऑपरेटेड फ्रंट सीट्स, सीट वेंटिलेशन और पुश-बटन स्टार्ट सहित सुविधाओं की एक लंबी सूची होगी। उम्मीद है कि टाटा इस नई मिड साइज एसयूवी को 2023 की दूसरी छमाही में लॉन्च करेगी।
इसके अलावा टाटा मोटर्स ने हाल ही में देश में दो नई इलेक्ट्रिक कारों के कॉन्सेप्ट को भी पेश किया था, जिनके उत्पादन अवतार को अगले कुछ सालों में पेश किया जाएगा। वहीं मिड साइज एसयूवी सेगमेंट में टोयोटा अपनी हाइराइडर व मारूति सुजुकी अपनी नई ग्रैंड विटारा के साथ मार्केट को हिट करने की योजना बना रही है। ऐसे में निकट भविष्य में मिड साइज एसयूवी सेगमेंट में कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।