
टाटा Intra V40 CNG और पेट्रोल दोनों पर चल सकता है और इसमें 110 लीटर का बड़ा CNG टैंक मिलता है, जो एक बार लंबी दूरी तय करने में मदद करता है
टाटा मोटर्स ने आज भारतीय बाजार में नया Intra V40 लॉन्च करने की घोषणा की है। यह कंपनी के स्मॉल कमर्शियल व्हीकल पोर्टफोलियो में शामिल होने वाला नया पिकअप है। CNG और पेट्रोल दोनों पर चलने वाला यह वाहन 110 लीटर के CNG टैंक के साथ आता है, जिससे ईंधन भरवाने के बीच लंबी दूरी तय की जा सकती है।
यह खासतौर पर उन ग्राहकों के लिए उपयोगी साबित होगा जो निश्चित रूट्स पर काम करते हैं, जहाँ हर जगह CNG की उपलब्धता समान नहीं होती है। Intra V40 की सबसे बड़ी खासियत इसकी 1,525 किलोग्राम की पेलोड क्षमता और 2,960 मिमी लंबी लोड बॉडी है, जिन्हें इस सेगमेंट के CNG पिकअप में बेस्ट-इन-क्लास बताया जा रहा है।
इसमें 1.2-लीटर इंजन दिया गया है, जो 58 बीएचपी की अधिकतम पावर और 106 Nm का पीक टॉर्क पैदा करता है। इसे खास तौर पर लास्ट-माइल कार्गो ऑपरेशंस को ध्यान में रखकर ट्यून किया गया है, जहाँ बेहतर लो-एंड परफॉर्मेंस और माइलेज ज्यादा महत्वपूर्ण होती है। वाहन को हाइड्रोफॉर्म्ड चेसिस पर तैयार किया गया है, जो बेहतर मजबूती और रिफाइनमेंट प्रदान करता है।

टाटा मोटर्स का दावा है कि इससे भारी लोड के साथ भी लगातार अच्छा प्रदर्शन मिलता है। केबिन में वॉक-थ्रू लेआउट दिया गया है और इसकी ड्राइविंग डायनेमिक्स कार जैसी महसूस होती है। इसे ड्राइवर के आराम को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है ताकि लंबे समय तक वाहन चलाने में आसानी हो। बेहतर कंट्रोल और सुरक्षा के लिए फ्रंट डिस्क ब्रेक्स भी स्टैंडर्ड दिए गए हैं, जो इस पेलोड कैटेगरी में आमतौर पर देखने को नहीं मिलते है।
Intra V40 के लॉन्च के साथ टाटा मोटर्स अब स्मॉल कमर्शियल व्हीकल और पिकअप सेगमेंट में चार बाय-फ्यूल मॉडल्स Ace Pro Bi-Fuel, Ace CNG 2.0, Intra V20 Gold और नया Intra V40 ऑफर कर रही है। ये अलग-अलग पेलोड की जरूरतों और उपयोग के अनुसार ग्राहकों को विकल्प प्रदान करती हैं।

इलेक्ट्रिक सेगमेंट में कंपनी के पास Ace Pro EV, Ace EV 1000 और Intra EV Pickup जैसे मॉडल्स भी मौजूद हैं। इससे फ्लीट ऑपरेटर्स अपनी जरूरत, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और बजट के अनुसार CNG, बाय-फ्यूल या इलेक्ट्रिक विकल्प चुन सकते हैं। इसके अलावा, Fleet Edge टेलीमैटिक्स सिस्टम के जरिए रियल-टाइम व्हीकल ट्रैकिंग, प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस अलर्ट और बेहतर फ्लीट मैनेजमेंट जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं। टाटा मोटर्स का Sampoorna Seva 2.0 प्रोग्राम ग्राहकों को बिक्री के बाद व्यापक सहायता प्रदान करता है।