टाटा मोटर्स की EV बाज़ार पर जबरदस्त पकड़, नवंबर 2025 में MG और Mahindra भी तेजी में

tata nexon ev dark edition-7
tata nexon ev dark edition

नवंबर 2025 में ईवी बिक्री सूची में टाटा मोटर्स 6,096 यूनिट के साथ एमजी, महिंद्रा, किआ, बीवाईडी और हुंडई से आगे रही है

नवंबर 2025 में भारत के इलेक्ट्रिक कार बाजार में पिछले महीने के त्योहारी उछाल के बाद बिक्री में हल्की गिरावट देखने को मिली है। त्योहार खत्म होने और खरीदारी की जल्दी कम होने के कारण अधिकतर प्रमुख ईवी कंपनियों की महीने-दर-महीने बिक्री घटी, लेकिन वाहन डेटा के अनुसार टॉप-5 की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

टाटा मोटर्स ने एक बार फिर सबसे ज्यादा बिक्री करके पहला स्थान हासिल किया है। हालांकि अक्टूबर में इसकी 7,363 यूनिट्स की बिक्री हुई थी, जो नवंबर में घटकर 6,096 यूनिट्स हो गई। फिर भी ब्रांड ने 41 फीसदी का मजबूत मार्केट शेयर बनाए रखा। टाटा की Tiago EV, Punch EV, Nexon EV और Curvv EV जैसे मॉडल लगातार बड़े पैमाने पर बिक्री ला रहे हैं। वहीं Harrier EV भी काफी लोकप्रिय मॉडल बना हुआ है और 2026 में Sierra EV भी पोर्टफोलियो में शामिल होगी।

दूसरे स्थान पर JSW MG Motor इंडिया रही, जिसने नवंबर में 3,658 यूनिट्स बेचीं, जबकि अक्टूबर में यह आंकड़ा 4,744 यूनिट्स का था। 25 फीसदी मार्केट शेयर के साथ MG भारत में दूसरा सबसे बड़ा ईवी ब्रांड बना हुआ है। कंपनी की Windsor EV की मजबूत मांग के अलावा ZS EV और Comet EV ने भी इसकी पकड़ मजबूत की है।

MG Windsor Inspire Edition

Brand

October 2025 Sales

November 2025 Sales

Tata

7,363

6,096

MG

4,744

3,658

Mahindra

3,989

2,920

Kia

636

463

BYD

562

417

Hyundai

437

370

वहीं तीसरे स्थान पर महिंद्रा रही, जिसकी नवंबर में 2,920 यूनिट्स की बिक्री हुई है। जबकि अक्टूबर में कंपनी ने कुल 3,989 यूनिट्स की बिक्री की थी। 19 फीसदी मार्केट शेयर के साथ महिंद्रा ईवी सेगमेंट में एक मजबूत दावेदार बनी हुई है। कंपनी फिलहाल XUV400, XEV 9e और BE 6 की बिक्री करती है।

महिंद्रा ने हाल ही में XEV 9S को लॉन्च किया है, जो कंपनी की पहली 7-सीटर इलेक्ट्रिक SUV है और इसकी कीमत 19.95 लाख रुपये से शुरू होती है। यह इलेक्ट्रिक एसयूवी XEV 9e और BE 6 की तरह ही INGLO प्लेटफॉर्म पर बनी है। यह इलेक्ट्रिक एसयूवी 59 kWh, 70 kWh और 79 kWh बैटरी विकल्पों के साथ उपलब्ध होगी। इसके अलावा XUV 3X0 पर आधारित इलेक्ट्रिक कॉम्पैक्ट एसयूवी पर भी काम चल रहा है।

Mahindra BE6 Batman

वहीं सूची में नीचे की तरफ किआ इंडिया, BYD इंडिया और हुंडई मोटर इंडिया रहीं। इन तीनों का मार्केट शेयर लगभग 3 फीसदी दर्ज हुआ। नवंबर में किआ ने 463 यूनिट्स (अक्टूबर में 636 यूनिट्स), BYD ने 417 यूनिट्स (अक्टूबर में 562 यूनिट्स) और हुंडई ने 370 यूनिट्स की बिक्री की है, जो अक्टूबर के 437 यूनिट्स से कम है। कुल मिलाकर, नवंबर में ईवी बिक्री थोड़ी घटी, लेकिन मार्केट लीडरशिप में कोई बदलाव नहीं हुआ।