टाटा मोटर्स की कारें 36,000 रूपए तक हुई महंगी – टिगोर, अल्ट्रोज, नेक्सन, सफारी

tata-safari-harrier

टाटा कारों की कीमत में मॉडल और वेरिएंट के आधार पर औसतन 1.8 फीसदी की वृद्धि हुई है, जिसमें टाटा टियागो, टिगोर, अल्ट्रोज, नेक्सन, हैरियर और सफारी शामिल हैं

टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने अपनी कारों की कीमतों में वृद्धि की घोषणा की है, जो कि आज से लागू हो चुकी हैं। कीमतों में वृद्धि को लेकर कंपनी का कहना है कि टाटा कारों की कीमत में मॉडल और वेरिएंट के आधार पर औसतन 1.8 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। हालांकि कीमतों में की गई यह वृद्धि उन खरीददारों पर लागू नहीं होगी, जिन्होंने 7 मई या उससे पहले कार को बुक किया है।

टाटा मोटर्स ने फरवरी में टाटा हैरियर पर आधारित अपनी तीन पंक्ति वाली एसयूवी टाटा सफारी (Tata Safari) को लॉन्च किया था। लॉन्च के वक्त टाटा सफारी की शुरूआती कीमत XE वेरिएंट के लिए 14.69 लाख रूपए थी, जो कि टॉप XZA+ एडवेंचर वेरिएंट के लिए 21.45 लाख रूपए तक जाती थी, लेकिन अब इसकी शुरूआती कीमत 14.99 लाख रूपए है, जो कि टॉप वेरिएंट के लिए 21.81 लाख रूपए तक जाती है। इस तरह सफारी की कीमत में वेरिएंट के आधार पर 30,000 रूपए से लेकर 36,000 रूपए तक की वृद्धि हुई है।

सफारी की तरह टाटा अल्ट्रोज ने भी अपनी कीमतों में वृद्धि देखी है, अल्ट्रोज के बेस पेट्रोल XE वेरिएंट की कीमत में 10,400 रूपए की वृद्धि हुई है और अन्य पेट्रोल वेरिएंट में 15,400 रूपए की वृद्धि हुई है। वहीं अल्ट्रोज टर्बो वेरिएंट की कीमतों में भी 20,400 रूपए की वृद्धि हुई है, लेकिन एक्सजेड ऑप्शनल वेरिएंट की कीमत को बरकरार रखा गया है।

tata altroz-2

अल्ट्रोज की कीमत में सबसे ज्यादा वृद्धि इसके डीजल बेस वेरिएंट XE में हुई है, जो कि 28,000 रूपए है। इस तरह अल्ट्रोज की कीमतें अब बेस XE पेट्रोल वेरिएंट के लिए 5.79 लाख रूपए से शुरू होकर टॉप XZ+ डीजल के लिए 9.55 लाख रूपए तक जाती है। इसी तरह टाटा नेक्सन की कीमतों में 10,000 रूपए से लेकर 33,400 रूपए तक की वृद्धि हुई है।

कीमतों में वृद्धि के बाद नेक्सन की कीमत बेस पेट्रोल XE वेरिएंट के लिए 7.19 लाख रूपए से शुरू होती है, जो कि टॉप XZA+ ड्यूल टोन ऑप्शनल वेरिएंट के लिए 12.95 लाख रूपए तक जाती है। इसके पहले नेक्सन की कीमत 7.09 लाख रूपए से लेकर 12.79 लाख रूपए तक थी।

tata nexon

वहीं कंपनी ने टाटा हैरियर की कीमत में 30,000 रूपए से लेकर 36,000 रूपए तक की वृद्धि की है और अब बेस वेरिएंट की कीमत 14.29 लाख रूपए से शुरू है जो टॉप वेरिएंट के लिए 20.81 लाख रूपए तक जाती है। इसके पहले यह कीमत 13.99 लाख रूपए से लेकर 20.45 लाख रूपए (सभी कीमतें एक्स-शोरूम) तक थी।