Tata Intra EV Pickup 11.95 लाख में हुआ लॉन्च, मिलेगी 211 किमी की रेंज

Tata Intra EV

Tata Intra EV Pickup में 28.2 kWh की IP67-रेटेड बैटरी मिलती है, जो एक बार चार्ज करने पर 211 किमी की रेंज देने में सक्षम है

टाटा मोटर्स के कमर्शियल व्हीकल डिवीजन Tata Motors Commercial Vehicles (TMCV) ने अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए नया Intra EV Pickup लॉन्च किया है। इसकी शुरुआती कीमत 11.95 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। यह नया इलेक्ट्रिक पिकअप TMCV की लाइन-अप में Tata Ace EV 1000 और Tata Ace Pro EV के साथ शामिल हुआ है।

Tata Intra EV Pickup में लंबी लोडिंग बॉडी दी गई है, जिसकी लंबाई 10 फीट 2 इंच तक है और यह अधिकतम 1,750 किलोग्राम तक का पेलोड उठा सकता है। कंपनी के अनुसार, यह मॉडल LPG और डेयरी डिस्ट्रीब्यूशन, FMCG, ई-कॉमर्स, कोल्ड चेन और वेस्ट मैनेजमेंट जैसे कई कामों के लिए उपयुक्त है।

इस इलेक्ट्रिक पिकअप में सिंगल मोटर दी गई है, जो 72 kW (97 hp) की पावर और 230 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। यह वाहन 23% तक की चढ़ाई आसानी से कर सकता है। इसमें IP67-रेटेड 28.2 kWh बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी के अनुसार, यह 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में करीब 55 मिनट लेता है और फुल चार्ज पर 211 किलोमीटर तक की रेंज देता है।

Tata Intra EV

फीचर्स की बात करें तो इसमें वॉक-थ्रू केबिन, इलेक्ट्रिक पावर-असिस्टेड स्टीयरिंग और कार जैसा आरामदायक एर्गोनॉमिक्स दिया गया है। Tata Motors Fleet Edge सिस्टम के जरिए मालिक वाहन की रियल-टाइम ट्रैकिंग, हेल्थ मॉनिटरिंग और मेंटेनेंस से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, जिससे ऑपरेशन ज्यादा आसान और पारदर्शी हो जाता है।

ड्राइवर इसमें 3 लेवल के रीजनरेटिव ब्रेकिंग का विकल्प चुन सकते हैं, जिससे वे बेहतर रेंज या स्मूद ड्राइविंग अनुभव हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा, बेहतर स्थिरता और ब्रेकिंग के लिए इसमें इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकिंग सिस्टम भी दिया गया है। TMCV इस इलेक्ट्रिक पिकअप की बैटरी पर 6 साल या 2 लाख किलोमीटर की वारंटी दे रही है, हालांकि वाहन की अन्य वारंटी की जानकारी अभी साझा नहीं की गई है।

कंपनी ने यह भी बताया कि उसके ग्राहकों को देशभर में 25,000 से ज्यादा चार्जिंग पॉइंट्स का एक्सेस मिलेगा। इसके अलावा, भारत में 200 से अधिक EV-स्पेशल सर्विस सेंटर का नेटवर्क भी उपलब्ध है, जो ग्राहकों को बेहतर आफ्टर-सेल्स सपोर्ट देगा।