भारत में टाटा एचबीएक्स अक्टूबर 2021 के आसपास होगी लॉन्च

टाटा एचबीएक्स को केवल 1.2-लीटर तीन-सिलेंडर नैचुरली-एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया जाएगा, जो 5-स्पीड एमटी और वैकल्पिक 5-स्पीड एएमटी के साथ होगा

टाटा मोटर्स भारतीय बाजार के लिए अपने कई नए मॉडलों पर काम कर रही है, जिसमें अगली सबसे बड़ी लॉन्च ऑटो एक्सपो 2020 में प्रदर्शित की गई एचबीएक्स कॉन्सेप्ट पर आधारित मिनी एसयूवी है। इस कार को देश में टाटा हॉर्नबिल के नाम से लॉन्च किया जा सकता है, जिसके प्रोडक्शन प्रोपोटाइप को देश की सड़कों पर कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा गया है।

हालांकि इस कार को देश में 2021 की दूसरी तिमाही में लॉन्च किया जाना था, लेकिन देश में चल रहे हेल्थ क्राइसिस के कारण इसे स्थगित करना पड़ा है। अब खबर है कि इस बहुप्रतिक्षित टाटा कार को भारत में दिवाली 2021 से पहले यानि सितंबर-अक्टूबर के आसपास लॉन्च किया जाएगा।

यह आगामी टाटा कार कंपनी के अल्फा (ALFA) मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर आधारित ब्रांड का दूसरा मॉडल होगा। इसके पहले इस प्लेटफार्म पर प्रीमियम हैचबैक अल्ट्रोज को विकसित किया जा चुका है। इसमें ऊपर की तरफ स्लीक LED DRLs के साथ स्प्लिट हेडलैंप सेटअप है। ऊपरी फ्रंट ग्रिल और डीआरएल के लिए क्रोम अंडरलाइनिंग है, जबकि निचली ग्रिल में इनवर्टेड ट्राई-एरो डिज़ाइन देखा जा सकता है। बम्पर में फॉग लैंप और बड़े एयर-इनटेक की सुविधा है। यह कार मशीन-कट अलॉय व्हील्स, एलईडी टेल-लैंप, सी-पिलर माउंटेड रियर डोर हैंडल और ब्लैक-आउट सी-पिलर आदि से लैस होगी।

tata hbx-10

डाइमेंशन की बात करें तो कॉन्सेप्ट वर्जन में यह 3,840 मिमी लंबी, 1822 मिमी चौड़ी और 1635 मिमी और इसका व्हीलबेस 2,450 मिमी का था। उम्मीद है कि प्रोडक्शन वर्जन का डाइमेंशन इसके कॉन्सेप्ट वर्जन के समान होगा, जबकि यह अपने केबिन को अल्ट्रोज के साथ साझा कर सकती है, जिसमें फ्री-स्टैंडिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 3-स्पोक फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील, फैब्रिक सीट्स, सेमी-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल आदि होंगे।

पावर देने के लिए कार में टिगोर, टियागो और अल्ट्रोज में ड्यूटी कर रहा 1.2-लीटर 3-सिलेंडर नैचुरली-एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो कि 86 बीएचपी की पावर और 113 एनएम का टॉर्क उत्पन करता है। इसके अलावा इसे 1.2 लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन भी मिल सकता है, जिसका पावर आउटपुट 100 बीएचपी के करीब है। ट्रांसमिशन विकल्पों में इसे 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड एएमटी (ऑटोमेटेड मैनुअल ट्रांसमिशन) मिलेगा।

tata HBX

भारत में लॉन्च होने के बाद एचबीएक्स के उत्पादन वर्जन का मुकाबला मारूति सुजुकी इग्निस और आगामी हुंडई एएक्स1 से होगा, जबकि कंपनी एचबीएक्स के इलेक्ट्रिक वर्जन को भी पेश कर सकती है, जिसे देश में 2022-23 में लॉन्च किया जा सकता है।